
Rare Egyptian vulture: मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व (Ratapani Tiger Reserve) में एक दुर्लभ प्रजाति का सफेद गिद्ध देखा गया है, जिसकी तस्वीरें टाइगर रिजर्व के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई हैं। यह सफेद गिद्ध (Egyptian vulture) विलुप्त हो रही गिद्ध प्रजातियों में से एक है, जिसे अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक संरक्षण संघ (IUCN) ने संकटग्रस्त घोषित किया है। पहली बार मिस्र के इस गिद्ध को यहां देखा गया है, जिससे टाइगर रिजर्व के अधिकारी बेहद उत्साहित हैं। अब वे इस विशेष गिद्ध के संरक्षण और उसके अनुकूल वातावरण तैयार करने की योजना बना रहे हैं।
अपने विशिष्ट पीले चेहरे और सफेद पंखों के साथ मिस्र का यह गिद्ध बीते दिनों रातापानी टाइगर रिजर्व में देखा गया। वन विभाग ने इसे अपने कैमरे में कैद किया। यह गिद्ध उन चुनिंदा पक्षी प्रजातियों में से एक है जो बड़े अंडों को तोड़ने के लिए कंकर जैसे औजारों का उपयोग करता है। उम्रदराज गिद्धों की तुलना में युवा गिद्ध गहरे भूरे रंग के होते हैं, लेकिन जैसे-जैसे वे परिपक्व होते हैं, उनके पंखों का रंग सफेद हो जाता है।
रातापानी टाइगर रिजर्व में इस गिद्ध के दिखाई देने के बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं और इसके संरक्षण की मांग जोर पकड़ने लगी है। यह गिद्ध प्रतिदिन 640 किलोमीटर तक की उड़ान भर सकता है। आमतौर पर यह चट्टानों और पहाड़ियों पर अपना घोंसला बनाते हैं। पहले यह गिद्ध पश्चिमी अफ्रीका से लेकर उत्तर भारत, पाकिस्तान और नेपाल में काफी संख्या में पाए जाते थे, लेकिन अब इनकी संख्या बहुत कम हो गई है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक संरक्षण संघ ने इसे संकटग्रस्त प्रजाति में शामिल किया है।
रातापानी टाइगर रिजर्व के अधीक्षक सुनील भारद्वाज ने बताया कि 4 मार्च की सुबह इस गिद्ध को यहां देखा गया। उन्होंने कहा, 'पूरे विश्व में यह विलुप्त हो रहे पक्षियों में से एक है, जिसे संरक्षण की आवश्यकता है। हम रातापानी टाइगर रिजर्व में प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और उन्हें बेहतर पर्यावास उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे यहां आने वाले प्रवासी पक्षी स्वतंत्र रूप से विचरण कर सकें।'
Updated on:
23 Mar 2025 01:30 pm
Published on:
23 Mar 2025 01:29 pm
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
