
रायसेन. ये बात आपने अक्सर सुनी होगी कि नाग-नागिन का जोड़ा अपने साथी की मौत का बदला जरुर लेता है। अगर नाग की मौत हो जाए तो नागिन और अगर नागिन की मौत हो जाए तो नाग उसकी मौत का बदला लेता है। नाग-नागिन पर बनी कई फिल्मों में भी इस बात को दिखाया गया है लेकिन असल जिंदगी में भी एक ऐसा ही मामला मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सामने आया है। जहां एक नागिन की मौत के बाद नाग ने दो टुकड़े होने के बाद भी नागिन को मारने वाले किसान को डस लिया। सांप के काटने के कारण किसान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
नाग ने लिया नागिन की मौत का बदला
नाग के नागिन की मौत का बदला लिए जाने की ये हैरान कर देने वाली घटना मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील के महुआखेड़ा गांव की है। जहां रहने वाले किसान अनिल शर्मा अपने खेत के बाड़े में ट्रेक्टर से सफाई कर रहे थे इसी दौरान जैसे ही उन्होंने कचरा साफ करने के लिए ट्रेक्टर को रिवर्स लिया तो कचरे के ढेर में प्रेम लीला कर रहे नाग नागिन में से नागिन ट्रेक्टर की चपेट में आ गई। किसान अनिल शर्मा को लगा कि टायर की चपेट में आने से सांप की मौत हो गई है तो वो नीचे उतरे, इस दौरान उनके साथ खेत मे ही काम करने वाला एक आदमी और था। दोनों ने नीचे उतरकर देखा तो टायर के नीचे चिपटे सांप के पास ही एक और सांप बैठा हुआ था। जिसे भगाने के लिए अनिल शर्मा ने बड़ा वाला हंसिया उठाया और उसे भगाने के प्रयास में हंसिया लगने से नाग के भी दो टुकड़े हो गए।
दो टुकड़े होने के बाद भी नाग ने डसा
हंसिये से नाग के दो टुकड़े होने पर अनिल को लगा कि नाग मर गया है लेकिन वो कुछ समझ पाते इससे पहले ही दो टुकड़े हो चुके नाग ने उछलकर उनके हाथ पर डस कर नागिन की मौत का बदला ले लिया। सांप के काटने के बाद साथ में मौजूद अनिल का कर्मचारी और उनके परिजन तुरंत अनिल को लेकर बेगमगंज सिविल अस्पताल पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर रेफर किया गया है। वहीं इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अभी भी सांप के दो टुकड़े खेत के बाड़े में पड़े हुए हैं और जिस नागिन को मृत समझ रहे थे वह घायल अवस्था में अभी भी उस ट्रैक्टर के पास बैठी हुई है। गांव के लोग वहां पर हुजूम लगाकर दूर से ही नजारा देख रहे हैं।
Published on:
22 Nov 2022, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.