
ड्रोन कैमरे से हो रहा आबादी भूमि का सर्वे
सुल्तानगंज. भारत सरकार की स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने घर का मालिकाना हक मिलने में अब देर नहीं होगी। क्योंकि इसके लिए राजस्व विभाग की टीम तहसील की 65 ग्राम पंचायतों के 211 गांवों का ड्रोन कैमरों की मदद से सर्वे कराने में जुटी हुई है। अभी तक 168 गांवों का सर्वे प्रथम चरण करा लिया गया और 43 गांवों का सर्वे अभी शेष है। सभी ग्राम पंचायतों का सर्वे कर डाटा फीड करना है। इसके बाद ग्रामीणों को उनके घर का मालिकान हक मिलने के बाद बैंको से मकान निर्माण के लिए लोन भी मिल सकेगा। इसी क्रम में गुरुवार को पटवारी रामकृष्ण शाह, शुभम भलावी टीम के साथ कस्बा सुल्तानगंज पहुंचे और ड्रोन कैमरे से सुल्तानगंज, डुगरियां की तस्वीर ली गई। गांव के बाहर मैदान में हेलीपैड का आकार बनाकर ड्रोन कैमरा आसमान में उड़ाया तो कुछ ही देर बाद गांव की हर एक गली के घरों की तस्वीर फीड हो गई। जब गांव में हेलीकॉप्टर की तरह ड्रोन कैमरा उड़ाया गया तो वह कौतूहल बन गया। महिलाएं, पुरुष व बच्चे अपने घरों से निकलकर ड्रोन कैमरे को देखते रहे।
इनका कहना
ग्रामीणों को मिलेंगे भू.अधिकार पट्टा
भारतीय सर्वेक्षण विभाग के अंतर्गत एजेंसी के माध्यम से गांव की आबादी का सर्वे ड्रोन कैमरा से हो रहा है। दो अक्टूबर 1959 की गांव की जो आबादी घोषित है, उसी आबादी के मान से सर्वे हो रहा है। फिर गांव की आबादी का नक्शा-खसरा तैयार होगा। कुल तीन चरण में सर्वे कर गांव की भूमि का नामांतरण बंटवारा हो सकेगा। इसके बाद भूमि स्वामी को उसके अधिकार प्राप्त होकर सभी आबादी को पट्टे जारी होंगे।
एनएस परमार, तहसीलदार, बेगमगंज।
Updated on:
14 Oct 2022, 9:12 PM IST
Published on:
14 Oct 2022, 9:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.