
MP Police
Mp news: एमपी के राजगढ़ जिले में दो संदिग्ध चोरों को पकड़कर ला रही राजगढ़ पुलिस को उस समय गोलियां चलानी पड़ी, जब उनका पीछा कर रही राजस्थान की पुलिस ने उन्हें घेर लिया। राजस्थान पुलिस को सूचना मिली थी कि उनके यहां से युवकों का अपहरण कर ले जाया जा रहा है। लगभग 100 किमी दूर तक पीछा करने के बाद गुना जिले के फतेहगढ़ में दोनों पुलिस का आमना-सामना हुआ।
मामला शुक्रवार शाम का है। राजगढ़ जिले के सारंगपुर में पिछले दिनों हुई एक डकैती के आरोपी कंजरों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम राजस्थान के शाहाबाद पहुंची थी। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में और प्राइवेट वाहन में थे। उन्होंने दो युवकों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बिठाया और वहां से निकल लिए। इस बीच वहां अफवाह फैल गई कि दो युवकों को अपहरण कर उन्हें जबरन गाड़ी में ले जाया जा रहा है।
शाहाबाद और आसपास के थानों की पुलिस ने इस वाहन का पीछा किया। मप्र के फतेहगढ़ कस्बे में राजस्थान पुलिस ने इस वाहन को रोक लिया। वाहन पर लाठी से हमला किया, जिससे उसका कांच फूट गया। अंदर बैठे पुलिसकर्मियों ने दो-तीन हवाईफायर किए, इससे हड़कंप मच गया। फतेहगढ़ पुलिस ने राजस्थान के पुलिसकर्मियों को हकीकत बताई। इसके बाद राजस्थान की पुलिस वापस लौटी और माहौल शांत हुआ।
शुक्रवार को शाम छह बजे फतेहगढ़ के बाजार में सरेराह हुए इस घटनाक्रम से दहशत फैल गई। हवाई फायर होते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। फतेहगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राजस्थान पुलिस को बताया कि राजगढ़ जिले की पुलिस चोरी के संदेह में दो कंजरों को पकड़कर लाई है। जब शाहाबाद पुलिस को असलियत पता चली। उनका कहना था कि राजगढ़ पुलिस को इस बारे में विधिवत सूचना देनी थी, तो यह गलतफहमी नहीं होती।
हमारे थाना क्षेत्र से युवक का अपहरण कर वाहन में डालकर ले जाने की खबर आई थी, जिस पर हमारे यहां की पुलिस एक वाहन में सवार होकर फतेहगढ़ तक मप्र के राजगढ़ जिले की पुलिस टीम के वाहनों के पीछे तक गए थी। फतेहगढ़ थाना प्रभारी ने हमें बताया कि राजगढ़ जिले का पुलिस स्टाफ एक आरोपी को पकडक़र ले जा रहा है, तब हम वहां से वापस लौटै। फायरिंग होने की जानकारी हमें नहीं हैं। -प्रेम सिंह मीना, एसएचओ शाहाबाद राजस्थान
गुना जिले के फतेहगढ़ थाना प्रभारी जयनारायण शर्मा ने बताया कि राजगढ़ पुलिस की टीम में मलावर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी और भोजपुर थाने का स्टाफ शामिल था। जब इस संबंध में मलावर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी और भोजपुर थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ना तो हमें इस संबंध में कोई जानकारी है और ना ही हम राजस्थान या गुना किसी कार्रवाई में गए हैं। एसडीओपी अरविंद सिंह ने ऐसी किसी भी तरह की जानकारी न होने की बात कही।
Updated on:
30 Mar 2025 03:31 pm
Published on:
30 Mar 2025 03:27 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
