ब्यावरा.शहर के हाथीखाना क्षेत्र में एक घर में गुरुवार आधी रात को चोरी हो गई। बेटी की शादी के लिए उधार लेकर रखे दो लाख रुपए कैश और अन्य जैवलरी पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया। वारदात के दौरान मां-बेटी बगल के कमरे में सोई थीं, तभी मौका पाकर बगल वाले कमरे से कोई सामान चुरा ले गया।
जानकारी के अनुसार हाथीखाना स्थित स्व. रामेश्वर साहू के मकान में चोरी हुई। जहां उनका बेटा-बेटी और पत्नी सोरमबाई साहू रहती हैं। सोरमबाई ने बिलखते हुए बताया कि हमारा सब कैश, ज्वैलरी चोरी हो गया। बेटी की 21 तारीख को शादी है, उसके लिए ही उधार रुपए लिए थे, साथ ही मकान का काम भी चल रहा है, जिसमें देर रात तक मजदूर भी काम करते रहे। इसके बाद रात करीब दो बजे उक्त वारदात हुई। हालांकि जो मजदूर वहां देर रात काम कर रहे थे उनमें से कुछ को संदेही के तौर पर पुलिस ने थाने में बैठाया है लेकिन त्वरित कार्रवाई के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली थोड़ी ढीली रही है।