दिवंगत स्व. सिंह को श्रद्धांजलि देने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनके भाई पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह भी खैरागढ़ पहुंचे।
राजनांदगांव/खैरागढ़. खैरागढ़ रियासत के राजा और विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद उनके पुत्र का मंगलवार को रीति-रिवाज से राजतिलक किया गया। तेरहवीं के बाद देर शाम स्व. देवव्रत सिंह के पुत्र आर्यव्रत सिंह का राजतिलक हुआ। मां पद्मादेवी सिंह ने तिलक लगाकर राजतिलक की रस्म अदायगी की, तो वहीं बहन शताक्षी सिंह, चाचा भवानी बहादुर सिंह, बुआ उज्जवला देवी सिंह, स्मृति देवी सिंह, आकांक्षा देवी सिंह ने पगड़ी रस्म कर परंपरा का निर्वहन किया। स्व. सिंह की पत्नी विभा सिंह, दामाद रजत भार्गव, नरेंद्र सोनी ने तिलक लगाकर नए राजा का स्वागत किया।
दिग्विजय और लक्ष्मण ने दी श्रद्धांजलि
दिवंगत स्व. सिंह को श्रद्धांजलि देने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उनके भाई पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह भी खैरागढ़ पहुंचे। लक्ष्मण सिंह खैरागढ़ राजपरिवार के दामाद रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने स्व. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देवव्रत सिंह के रूप में प्रदेश ही नई वरन राष्ट्रीय स्तर पर एक क्षमतावान राजनीतिक सूर्य का अस्त हो गया। उन्होंने देवव्रत सिंह के साथ अपने राजनीतिक संबंधों को याद किया। उनके साथ पूर्व मंत्री सत्य नारायण शर्मा, कुंवर सिंह निषाद, जितेंद्र मुदलियार सहित अन्य भी पहुंचे।
तेरहवी पर पहुंचें दिग्गत नेता
दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद मंगलवार को आयोजित उनकी तेरहवीं में लोगों की भारी भीड़ के साथ दिग्गज नेताओं ने भी कमल विलास पैलेस पहुंच उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश के मंत्री अमरजीत भगत, मो अकबर, रवीन्द्र चौबे, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक, नीता लोधी जोगी कांग्रेस विधायक रेणु जोगी, जोगी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी सहित बड़ी संख्या में राजनितिक दलों के नेता पहुंचे। कमल विलास पैलेस में आयोजित तेरहवी कार्यक्रम में खैरागढ़ विधानसभा सहित जिले और प्रदेश भर के लोग पहुंचे।
रेणु जोगी ने परिवार को बंधाया ढांढस
रेणु जोगी ने श्रद्धांजलि देने के बाद दिवंगत सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हे शोक संवेदना व्यक्त करते ढांढस बंधाते कहा कि पूरा जोगी कांग्रेस परिवार दु:ख की घड़ी में सिंह के परिवार के साथ खड़ा है। दोपहर से शुरू हुआ नेताओं सहित अंचल के लोगों के आने का सिलसिला शाम तक चलता रहा। तेरहवीं के बाद शाम को दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के पुत्र आर्यव्रत सिंह का राज्याभिषेक भी किया गया।