राजनंदगांव

कुर्सी के लिए कसरत : संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, इधर भाजपा ने शहर में किया रोड शो

CG Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी बिसात बिछने लगी है। शनिवार को यहां राजनीतिक हलचल फिर तेज रही।

2 min read
कुर्सी के लिए कसरत : संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, इधर भाजपा ने शहर में किया रोड शो

राजनांदगांव.CG Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी बिसात बिछने लगी है। शनिवार को यहां राजनीतिक हलचल फिर तेज रही। शहर में सीएम और पूर्व सीएम चुनावी कार्यक्रम में शामिल हुए। कांग्रेस ने जहां एक निजी होटल में संकल्प शिविर का आयोजन किया, जहां सीएम भूपेश बघेल कार्यक्रम में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इधर भाजपा ने शहर में रोड शो का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। शहर का भ्रमण किया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संकल्प शिविर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं को लेकर जनता तक जाने की बात कही और छत्तीसगढ़ में फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को वोट देते हैं, तो यह अडानी-अंबानी को ताकतवर बनाने का कार्य होगा। कहा कि भाजपा उद्योगपतियों और व्यापारियों की सरकार है। कांग्रेस किसान-मजदूर आम जन और छत्तीसगढ़िया सरकार है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही निरंतर विकास व अनेकों जनहितकारी योजनाएं शुरू कर प्रदेश को विकसित राज्य बनाया। बघेल ने केन्द्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हम पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों का धान खरीद रहे हैं, आप श्रेय लेना चाह रहे हैं जबकि रमन सिंह के कार्यकाल का दो साल का बोनस किसानों को अब तक नहीं मिला है। सीएम ने निखिल द्विवेदी का नाम लेते हुए कहा कि खाबो लाठी जाबो जेल का नारा दिया था। 15 साल तक भाजपा सरकार ने प्रताड़ित किया। अभी भी प्रताड़ित करना चाह रहे हैं। विधानसभा प्रभारी बृजेश शर्मा ने कहा कि मेहनत से राजनांदगांव सीट जीतेंगे।

कल आएंगे गृहमंत्री शाह और सीएम योगीभाजपा द्वारा राजनांदगांव जिला सहित प्रदेशभर के विस प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है, वहीं कांग्रेस द्वारा अब तक कहीं से भी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। बता दें कि 16 अक्टूबर को स्टेट स्कूल मैदान में भाजपा का बड़ा चुनावी सभा होने जा रहा है। इस आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की भी उम्मीद है। इसके साथ ही राजनांदगांव जिले के चार विस प्रत्याशी जिला कार्यालय पहुंचकर नामांकन फार्म दाखिल करेंगे।


आज जारी हो सकती है कांग्रेस की सूची, बेसब्री से इंतजार

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भागवत साहू ने बताया कि 15 अक्टूबर को कांग्रेस हाई कमान द्वारा सभी विधानसभा सीटों के उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी। इसके बाद 18 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के सभी प्रत्याशी नामांकन फार्म दाखिल करेंगे। इस कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा की ओर से शहर में रैली निकाली गई, हर चौक पर पहुंचे, हुआ स्वागत

इधर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की ओर से रोड शो किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचे। भाजपा के रोड शो के दौरान डॉ. रमन का शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्वागत किया गया। इसे भाजपा की चुनावी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। इस रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Published on:
15 Oct 2023 02:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर