
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा, 50 लोक कलाकारों का हुआ सम्मान ...
राजनांदगांव. मितान छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार कल्याण संघ राजनांदगांव के तत्वावधान में कल नगर में मितान लोक महोत्सव 2020 का ऐतिहासिक एवं यादगार आयोजन किया गया। दोपहर में यहां रोड शो के माध्यम से 1000 से ज्यादा कलाकारों ने अपनी परंपरागत वेशभूषा में नांदगांव की सड़कों पर समूची लोक संस्कृति को उतार दिया, वहीं दोपहर बाद से लेकर देर रात तक पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की समृद्धशाली लोक संगीत एवं लोककला को मंच पर जीवंत कर दिया। 50० से ज्यादा शीर्षस्थ लोक कलाकारों का सम्मान कर मितान में नगर में एक नई परंपरा की शुरुआत की।
खचाखच भरे ऑडिटोरियम में मितान लोक महोत्सव 2020 के मुख्य अतिथि डोंगरगांव के विधायक दलेश्वर साहू और अध्यक्षता महापौर हेमा देशमुख ने की। विशेष अतिथि गुंडरदेही के विधायक कुंवर सिंह निषाद और राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा थे। अतिथियों ने मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
राज्यगीत का सम्मान किया गया
छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका पद्मश्री ममता चंद्राकर के नेतृत्व में लोक गायिका छाया चंद्राकर, मोना सेन, रजनी रजक, पूनम विराट, स्वर्णा दिवाकर, रिंकी देवांगन, लता खापर्डे, सुप्रसिद्ध गायक कुलेश्वर ताम्रकार, दुकालू यादव, सुनील तिवारी समेत तमाम आमंत्रित लोक कलाकारों ने राज्य गीत अरपा पैरी के धार का सामूहिक संगीतमय प्रस्तुति दी।
एक के बाद एक गीतों को सुनाया
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में पद्मश्री ममता चंद्राकर ने तोर मन कइसे लागे राजा, छाया चंद्राकर ने तोर पिरित के मारे, मोना सेन ने मोला निक लागे राजा और मया होगी रे संगी, सुनील तिवारी ने फाग गीत, रजनी रजक ने तोर मन कइसे लागे राजा, स्वर्णा दिवाकर ने मुख मुरली बजाए, दुकालू यादव ने जस गीत, रिंकी देवांगन और दुष्यंत हरमुख ने ददरिया और रिखी क्षत्रिय ने कोकई कांटा टूरी और कुलेश्वर ताम्रकार ने पुराने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरी।
कलाकारों ने बटोरी वाहावाही
इन गीतों पर कारी बदरिया मोखा, गुरुर, लोक सांस्कृतिक मंच धरोहर, धरती के सिंगार भोथिपार के कलाकारों ने भाव नृत्य प्रस्तुत किया। छत्तीसगढ़ी फिल्म स्टार करण खान ने अपनी हिट फिल्म मंदराजी और बेनाम बादशाह के डायलॉग सुनाएं। सुपरहिट फिल्म मोर छैंया भुइयां के खलनायक मनमोहन सिंह ठाकुर ने भी अपनी फिल्म के डायलॉग सुना कर वाहवाही बटोरी। हास्य कलाकार पप्पू चंद्राकर और घेवर यादव ने लाफ्टर शो के माध्यम से दर्शकों को देर तक हंसाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलते रहे
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के क्रम में लोक सांस्कृतिक मंच धरोहर राजनांदगांव, धरती के सिंगार भोथिपर, मोर मयारू संगी टेडसरा, झंकार राजनांदगांव, लोक तिहार छुरिया, संगी के मया गुंडरदेही, जवारा पेंड्री, मयारू मैना चिखली, रजनीगंधा, छत्तीसगढ़ महतारी और कारी बदरिया के कलाकारों ने मनभावन कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरी। कार्यक्रम का समापन स्व. लक्ष्मण मस्तुरिया के अमर गीत मोर संग चलव रे के साथ हुआ, जिसे मुख्य स्वर महादेव हिरवानी ने दिया।
बारी-बारी से किया सम्मान
मितान महोत्सव 2020 में सहभागिता करने वाले शीर्षक 50 लोक कलाकारों और लोक सांस्कृतिक मंचों के संचालकों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, विशेष अतिथि, मितान के अध्यक्ष राजेश मारू, डॉ. चंद्रकुमार जैन आदि ने बारी-बारी से स्मृति प्रतीक चिह्न एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। समूचे कार्यक्रम का संगीत संयोजन कारी बदरिया मोखा गुरुर की टीम ने किया। कार्यक्रम का धाराप्रवाह और सफल संचालन भिलाई की रजनी रजक ने किया। आभार प्रदर्शन वरिष्ठ गीतकार हर्ष कुमार बिंदु ने किया।
कार्यक्रम में सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
छत्तीसगढ़ की युगांतरकारी प्रस्तुति चंदैनी गोंदा के प्रथम उद्घोषक प्रोफेसर सुरेश देशमुख, राजनांदगांव के वयोवृद्ध संगीतकार बसंत सोनी, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रेम चंद्राकर, लोकरंग अर्जुंदा के संचालक दीपक चंद्राकर, चंदैनी गोंदा की वरिष्ठ कलाकार शैलजा ठाकुर, रंग झरोखा भिलाई के संचालक दुष्यंत हरमुख, रिखी क्षत्रिय ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति देकर आयोजन को और गरिमामय बनाया। आयोजन समिति ने सभी का सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मितान छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार कल्याण संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष राजेश मारू, उपाध्यक्ष महादेव हिरवानी, सचिव विष्णु कश्यप, संयुक्त सचिव वीरेन्द्र बहादुर सिंह, कोषाध्यक्ष महेश्वर दास साहू, वरिष्ठ सदस्य एवं गीतकार हर्ष कुमार बिंदु एवं साहित्यकार मुन्ना बाबू समेत आयोजन समिति के समस्त सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Published on:
04 Mar 2020 09:13 am

बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
