3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

9 जनपद पंचायतों में से 7 में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और दो पर भाजपा का कब्जा, उपाध्यक्ष में 8 कांग्रेस और एक में ही भाजपा की जीत …

मानपुर-मोहला, छुईखदान, चौकी, डोंगरगांव, डोंगरगढ़ व छुईखदान जनपद पंचायत में कांग्रेस और राजनांदगांव व छुरिया में भाजपा के अध्यक्ष बने

4 min read
Google source verification
In 9 out of 9 Janpad Panchayats, Congress won the presidency and BJP won two, 8 Congress vice-president and BJP won only one.

9 जनपद पंचायतों में से 7 में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस और दो पर भाजपा का कब्जा, उपाध्यक्ष में 8 कांग्रेस और एक में ही भाजपा की जीत ...

राजनांदगांव. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के जनपद पंचायत के 9 जनपदों मेंं से 7 जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस व सिर्फ दो में भाजपा का कब्जा हुआ है। वहीं उपाध्यक्ष पद में 8 पर कांग्रेस व 1 में भाजपा के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर खैरागढ़, छुईखदान, मानपुर, मोहला, चौकी, छुईखदान, डोंगरगांव व डोंगरगढ़ में कब्जा किया है। वहीं भाजपा को अध्यक्ष पद पर राजनांदगांव व छुरिया में ही जीत मिली है। भाजपा छुरिया में ही अपना उपाध्यक्ष बना पाई है।

राजनादगांव जनपद में अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा

जिले के राजनांदगांव जनपद पंचायत में भाजपा की प्रतीक्षा भंडारी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई है। 25 सदस्यीय राजनांदगांव जनपद पंचायत में अध्यक्ष का पद एससी महिला के लिए आरक्षित था। जनपद सदस्य चुनाव में कांग्रेस के 15 व भाजपा के 10 सदस्यों ने जीत दर्ज किया था। इसमें कांग्रेस से एक भी एससी महिला प्रत्याशी जीत कर नहीं आए थे। अध्यक्ष का पद भाजपा की झोली में गया। वहीं उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस से रोहित चन्द्राकर और अमीन खान व भाजपा से दिलीप पटेल ने नामांकन दाखिल किया था। अंतिम समय में कांग्रेस के अमीन खान ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद कांग्रेस के रोहित चन्द्राकर और भाजपा के दिलीप पटेल के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी रोहित चन्द्राकर को 15 व भाजपा के दिलीप पटेल को 10 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस के रोहित चन्द्राकर ने 5 वोट से उपाध्यक्ष के पद पर कब्जा कर लिया। रोहित के लिए कांग्रेस नेता जीतू मुदलियार सदस्यों को साधने जुटे रहे।

डोंगरगांव में कांग्रेस के टिकेश साहू बने अध्यक्ष

डोंगरगांव के जनपद पंचायत चुनाव में कांग्रेस के टिकेश साहू अध्यक्ष बने। टिकेश को 13 मत प्राप्त हुए । वहीं भाजपा के मनीष साहू को मिले 7 वोट मिले। इसी प्रकार जनपद में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस के सुयश नाहटा विजयी हुए। नाहटा के पक्ष में 12 मत पड़े वहीं भाजपा के जागेश्वर राजू यदु को 8 वोट मिले।

खैरागढ़ जनपद में 15 साल बाद वापस लौटी कांग्रेस

जनपद पंचायत खैरागढ़ में कांग्रेस की तगड़ी लामबंदी के बाद आखिरकार लीला प्रकाश मंडावी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुई। अध्यक्ष का पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित था। कांग्रेस के दो महिला सदस्य निर्वाचित होकर आए थे। गातापार जंगल क्षेत्र से जीतकर आई लीला प्रकाश मंडावी ने एक मात्र आवेदन अध्यक्ष के लिए जमा किया था। इसके बाद औपचारिक घोषणा करते उन्हे निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। जनपद पंचायत में 15 साल बाद कांग्रेस वापस लौटी। अध्यक्ष के निर्वाचन के बाद उपाध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। इसमें कांग्रेस के मुरली वर्मा ने जीत दर्ज की। मुरली वर्मा को 13 व भाजपा के देवदत्त मिश्रा को 12 वोट मिले।

छुईखदान जनपद में कांग्रेस का कब्जा

छुईखदान जनपद पंचायत में कांग्रेस की नीना विनोद ताम्रकार अध्यक्ष बनी हैं और उपाध्यक्ष ललित महोबिया निर्वाचित हुए हैं। यहां जोगी कांगे्रस की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही थी और जोगी कांग्रेस के सभी सदस्य चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस में शामिल हो गए। इसके बाद कांग्रेस में शामिल हुई नीना ताम्रकार को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया। नीना ने 25 में 20 वोट हासिल किए। भाजपा की चंद्रकला ठाकरे को 5 वोट मिले। उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के ललित महोबिया ने 19 वोट हासिल कर भाजपा की मनीषा चतुर्वेदी को 14 मतों से पराजित किया है।

डोंगरगढ़ में कांग्रेस के भावेश अध्यक्ष व नरेन्द्र बने उपाध्यक्ष

पच्चीस सदस्यीय डोंगरगढ़ जनपद में बहुमत से कांग्रेस के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुने गए। कांग्रेस पर एक सदस्य को अगवा करने का आरोप भी लगा है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव की गहमागहमी बनी हुई थी। भाजपा के पास 11 सदस्य वहीं कांग्रेस के पास 14 थे। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से भावेश सिंह और भाजपा से रविन्द्र अग्रवाल मैदान में थे। कांग्रेस के भावेश को 14 व भाजपा के रविन्द्र को 10 वोट मिले। उपाध्यक्ष के लिए कांग्रेस के नरेन्द्र वर्मा और भाजपा से कचरु हिरवानी के बीच मुकाबला हुआ। कांग्रेस के नरेन्द्र को 14 व भाजपा के कचरु को 10 वोट मिले। इस तरह अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया।

बीस साल बाद चौकी जनपद में कांग्रेस का कब्जा

जनपद पंचायत अम्बागढ़ चौकी में बीस साल बाद कांग्रेस का कब्जा हुआ है। कांग्रेस से कुमारी बाई जुरेशिया व भाजपा से रागिनी सोरी ने नामांकन दाखिल किया था। मतों की गिनती में कांग्रेस की कुमारी बाई जुरेशिया को 9 वोट मिले। वहीं रागिनी सोरी को 8 मत मिले। उपाध्यक्ष के लिए कांग्र्रेस से नरोत्तम देहारी और भाजपा से योगमाया साहू ने दावेदारी प्रस्तुत किया था। मतों की गिनती में कांग्रेस के नरोत्तम को 10 व भाजपा के योगमाया को 7 मत मिले। इसप्रकार कुमारी जुरेशिया एक तथा नरोत्तम देहारी दो वोट से विजयी हुए।

छुरिया में भाजपा की किरण अध्यक्ष और एकांत बने उपाध्यक्ष

छुरिया जनपद पंचायत में हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा का कब्जा रहा। छुरिया जनपद पंचायत चुनाव में गहमा गहमी के बीच हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भाजपा से किरण रविन्द्र वैष्णव और कांग्रेस से हेमलता बंजारे के बीच मुकाबला हुआ। 25 सदस्यों में से भाजपा की ओर की किरण वैष्णव को 15 मत मिले जबकि कांग्रेस की हेमलता बंजारे को 10 मत मिले और किरण वैष्णव अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हो गईं। वहीं उपाध्यक्ष पद लिए भाजपा से एकांत टालेश्वर चन्द्राकर एवं कांग्रेस से चुम्मन लाल साहू ने दावेदारी प्रस्तुत की और भाजपा के एकांत टालेश्वर चन्द्राकर को 15 मत मिले जबकि कांग्रेस से चुम्मन लाल साहू को 10 मत मिले इस तरह से भाजपा के एकांत चन्द्राकर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

मानपुर में दिनेश शाह और उपाध्यक्ष शाहिदा बेगम बने उपाध्यक्ष

मानपुर में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पद पर कांग्रेस का कब्जा रहा। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के दिनेश शाह मंडावी अध्यक्ष निर्वाचित हुए । वहीं शाहिदा बेगम उपाध्यक्ष बनी।

मोहला में भी कांग्रेस का कब्जा

मोहला जनपद पंचायत में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत हुई है। अद्यक्ष पद पर कांग्रेस के लगनुराम चन्द्रवंशी की जीत हुई है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की गमिता लोनहारे ने कब्जा जमाया है।

Story Loader