
राजनांदगांव के क्रिकेटरों का जलवा ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh News: राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के खिलाडिय़ों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बीसीसीआई ने महिला क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 टीम के हाई परफॉर्मेंस प्रशिक्षण शिविर के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बेंगलुरु आमंत्रित किया है। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) ने 2026-27 सत्र के लिए रणजी ट्रॉफी और अंडर-23 टीम के संभावित खिलाडिय़ों की सूची में राजनांदगांव के छह खिलाडिय़ों को स्थान दिया है।
महक नरवासे ने हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान के रूप में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दोनों देशों के बीच खेली गई एक दिवसीय श्रृंखला में सर्वाधिक विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही बीसीसीआई ने उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चुना है। वहीं छत्तीसगढ़ की रणजी ट्रॉफी टीम के संभावित खिलाडिय़़ों में राजनांदगांव के अजय मंडल, विकल्प तिवारी, दीपक यादव और महज 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया को शामिल किया गया है।
यह पहली बार है जब जिला क्रिकेट एसोसिएशन के चार खिलाडिय़ों को एक साथ रणजी ट्रॉफी टीम के संभावित खिलाडिय़़ों में जगह मिली है। बेंगलुरु में आयोजित 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच अमय खुरासिया खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
अर्षवीर भाटिया को जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर सीधे सीनियर रणजी संभावित टीम में मौका मिला है। वहीं विकल्प तिवारी ने पिछले सत्र में लगातार अच्छे प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता, जबकि दीपक यादव को अंडर-23 टीम की कप्तानी के दौरान बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन का पुरस्कार मिला है।
राज्य की अंडर-23 टीम के संभावित खिलाडिय़ों में राजनांदगांव के आरिन द्विवेदी और बी बालाजी राव का भी चयन किया गया है। इससे जिले के क्रिकेट जगत में उत्साह का माहौल है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी चयनित खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने बताया कि खिलाडिय़ों की यह उपलब्धि जिले में क्रिकेट के बढ़ते स्तर और निरंतर मेहनत का परिणाम है। आने वाले सत्र में इन खिलाडिय़ों से छत्तीसगढ़ और देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
Updated on:
20 Jul 2026 02:17 pm
Published on:
20 Jul 2026 02:17 pm
