
सरकार से खफा हैं छत्तीसगढ़ के इस नए जिले के लोग, गुस्से में जिला बंद का आह्वान, कहा हमारा हक दो
राजनांदगांव. राजनांदगांव से अलग होकर बने नए जिले मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मोहला को जिला मुख्यालय बनाने से नाराज लोग सरकार के खिलाफ अब सड़कों पर आ गए हैं। अंबागढ़ चौकी के जिला संघर्ष मोर्चा और व्यापारी संघ 2 सितम्बर को नगर बंद और चक्काजाम करने का ऐलान कर दिया है। जिला प्रशासन द्वारा जिला संघर्ष मोर्चा से लगातार बैठक कर समझाइश दी जा रही है, लेकिन वे लोग अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने तैयार नहीं हो रहे हैं। प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। गौरतलब है कि जिला निर्माण संयुक्त मोर्चा मानपुर ने मानपुर में जिला कार्यालय खोलने की मांग को लेकर 31 अगस्त एवं 1 सितंबर को अनिश्चितकालीन बंद और 2 सितंबर को चक्काजाम का आव्हान किया था।
विभाग बंटवारे को लेकर है विवाद
व्यापारिक संघ के सदस्य विकास जैन ने बताया कि कलेक्टर डोमन सिंह ने जानकारी दी है कि आने वाले समय में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी चर्चा कर शेष विभागों के कार्यालयों के लिए स्थान निर्धारित करेंगे। शासन जिले के समग्र एवं समुचित विकास के लिए दृढ़ संकल्पित है। साथ ही मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के ओएसडी एस जयवर्धन को ज्ञापन देने के बाद आश्वासन मिलने पर जिला निर्माण संयुक्त मोर्चा मानपुर द्वारा अनिश्चतकालीन बंद एवं चक्काजाम करने के निर्णय को वापस ले लिया है। ओएसडी, मोहला-मानपुर-चौकी एस जयवर्धन ने बताया कि विभाग बंटवारे को लेकर उपजे विवाद में प्रदर्शनकारियों से लगातार चर्चा हो रही थी। मानपुर के लोग प्रदर्शन के पीछे हट गए। चौकी वालों से भी प्रदर्शन नहीं करने की उम्मीद है।
प्रदर्शन से नहीं हट रहे पीछे
अंबागढ़ चौकी के जिला संघर्ष मोर्चा व व्यापारी संघ ने प्रदर्शन को लेकर बुधवार को प्रेसवार्ता ली। इस दौरान व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय लाटा ने कहा कि चौकी को जिला बनाने लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा था, लेकिन चौकी से भेदभाव हुआ है। उन्होंने जिला मुख्यालय चौकी में रखने की मांग करते हुए 2 विरोध में 2 सितम्बर को नगर बंद की बात कही। वहीं संघर्ष मोर्चा के दिनेश ताम्रकार ने कहा कि जिला घोषणा के बाद दावा आपत्ति पेश करने पर सुनवाई नहीं की गई और मुख्यालय को मोहला में खोला जा रहा है। उन्होंने मुख्यलाय नहीं बनाने की स्थिति में अंबागढ़ चौकी को राजनांदगांव में रखने की बात कही और 2 सितम्बर को प्रदर्शन से पीछे नहीं हटने की जानकारी दी।
Published on:
01 Sept 2022 09:20 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
