
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)
Murder Case: राजनांदगांव जिले के थाना खैरागढ़ क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, किल्लापारा वार्ड 11 खैरागढ़ निवासी तुलाराम पटेल (45 वर्ष), पिता कार्तिक राम पटेल बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की एक महिला रेजा मजदूर के रूप में काम करती थी। बताया गया कि ठेकेदार तुलाराम कभी-कभी शाम के समय अपनी मोटरसाइकिल से उसे उसके घर छोडऩे जाया करता था। 8 मार्च की शाम को भी तुलाराम पटेल महिला को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था।
इसी दौरान महिला के देवर व अन्य परिजन के अलावा गांव के कुछ लोगों ने अवैध संबंध के शक में उसे रोक लिया और यह कहते हुए कि तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ की बात कहते हुए ठेकेदार तुलाराम से जमकर मारपीट की गई। मारपीट में तुलाराम को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खैरागढ़ लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना खैरागढ़ में आरोपियों के खिलाफ धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2)का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35), समय यादव (45), आशीष यादव उर्फ बोदू (42), रूपलाल वर्मा (26), पल्टन वर्मा (60) और पवन वर्मा (35) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम गाडाडीह के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
Updated on:
10 Mar 2026 02:22 pm
Published on:
10 Mar 2026 02:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
