
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
CGCrime News: बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ाघाट में रविवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत रात करीब 9.30 बजे पानी टंकी के पास बाजा बजाने की बात को लेकर राज निषाद और सोनू निषाद के बीच हुए विवाद से हुई। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे अजय पर आनंद निषाद और जलेश्वर निषाद ने धारदार हथियार और डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में अजय के गर्दन और हाथ में चोटें आईं। इसके बाद मामला शांत नहीं हुआ और रात करीब 10.30 बजे फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान राज निषाद और मुकेश निषाद ने शंकर निषाद के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बताया जाता है कि जब शंकर के परिजन लाला निषाद और विनोद समझौते के लिए आरोपियों के घर जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से मौजूद राज, जित्तू, मुकेश, रज्जू, विक्की और मिथिलेश ने लोहे की रॉड, डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोगों के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची गनेसिया बाई, लीलबती और कौशिल्या भी मारपीट की शिकार हो गईं। गनेसिया बाई की कलाई और पसली में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।पुलिस के अनुसार, गजानन निषाद की रिपोर्ट पर मुकेश निषाद, राज निषाद, रज्जू निषाद, मिथिलेश निषाद, विक्रम निषाद और विक्की निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 190 और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के मुकेश निषाद की रिपोर्ट पर जलेश्वर निषाद और आनंद निषाद के खिलाफ धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
10 Mar 2026 01:03 pm
Published on:
10 Mar 2026 01:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
