
CG Weather Update: रायपुर में बारिश की प्रतीकात्मक तस्वीर ( Photo - Patrika )
CG Weather Update: राजनांदगांव जिले में गर्मी ने समय से पहले ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले तीन दिनों तक गर्मी का असर और बढऩे की संभावना है, जिसके चलते अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि इसके बाद मौसम के मिजाज में बदलाव आने के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 14 मार्च से आसमान में हल्के बादल छाने की संभावना है। वहीं 15 मार्च को जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। इस बदलाव के बाद तापमान में करीब 5 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
गर्मी बढऩे के साथ ही शहर के बाजारों में पंखा, कूलर और अन्य ठंडक देने वाले उपकरणों की मांग भी तेजी से बढऩे लगी है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है और कई दुकानों में कूलर की बिक्री में तेजी आने की बात सामने आई है। साथ ही साथ बिजली की खपत भी बढ़ी है। वहीं लोगों में शीतल पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ी है।
उधर तापमान बढऩे से बिजली की खपत में भी इजाफा होने लगा है। दिन और रात दोनों समय पंखा-कूलर चलने से घरेलू बिजली उपयोग बढ़ गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार गर्मी के दिनों में बिजली की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक हो जाती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम में अचानक बदलाव के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Updated on:
12 Mar 2026 02:22 pm
Published on:
12 Mar 2026 02:22 pm
