
सालभर में जुदा हुए साथियों को पुलिस ने किया याद, मना शहीद दिवस
राजनांदगांव। देशभर में शहीद हुए पुलिस जवानों को आज यहां पुलिस लाईन में सलामी दी गई। बेहद भावुकता भरे समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने शहीद हुए सभी 370 जवानों के नामों का पठन किया। इसके बाद अमर जवान स्तंभ के समक्ष परेड कर जवानों की शहादत को याद किया गया। इस मौके पर इस साल शहीद होने वाले तीन जवानों की मूर्तियों का अनावरण उनके परिजनों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया।
एक सितम्बर 2016 से लेकर 31 अगस्त 2017 तक की अवधि में शहीद हुए पुलिस जवानों को देशभर में एक साथ एक ही दिन सलामी देने के लिए हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस का आयोजन किया जाता है। यहां आज सुबह इस अवधि में देशभर में शहीद हुए 370 जवानों के नामों का पुलिस अधीक्षक ने पठन किया। इसके बाद शहीदों के नामों की पुस्तिका को अमर जवान स्तंभ के पास रखने के बाद इसे परेड के साथ सलामी दी गई। आखिर में पुलिस विभाग, प्रशासन, शहीदों के परिजनों और जनप्रतिनधियों पुष्पांजलि अर्पित कर शहादत को नमन किया।
छलकते रहे आंसू
राजनांदगांव जिले के पिछले कई सालों में शहीद हुए जवानों के परिजनों की आंखे इस मौके पर लगातार छलकती रहीं। शहीद के परिजनों ने आंखों में आंसू के साथ पुष्प अर्पित कर अमर शहीद स्तंभ के समक्ष पुष्प अर्पित किया। पुलिस विभाग ने सलामी देकर अपने जांबाज शहीदों की शहादत को नमन किया। जिला प्रशासन और आम लोगों ने भी शहीदों की शहादत पर पुष्प अर्पित किया।
इसलिए मनाते हैं शहीद दिवस
अब से 58 वर्ष पहले अक्टूबर 1959 में लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस की एक छोटी टुकड़ी मोर्चे पर तैनात थी। इन पर चीनी हमला हुआ और 11 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इसके बाद से हर साल देश के कोने-कोने में दिवंगत शूरवीरों की स्मृति में पुलिस शहीद दिवस का आयोजन 21 अक्टूबर को एक ही समय पर किया जाता है। किया जाता है। इस मौके पर 1 सितंबर से 31 अगस्त के मध्य देशभर में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम का पठन कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करने की परंपरा है।
मूर्तियों का अनावरण
अमर जवान स्तंभ के समीप इस अवधि में शहीद हुए तीन जवानों की मूर्तियों का अनावरण किया गया। शहीद सहायक उपनिरीक्षक युगल किशोर वर्मा, आरक्षक कृषलाल साहू और सहायक आरक्षक सुखुराम नेताम की मूर्ति का अनावरण उनके परिजनों की मौजूदगी में सांसद अभिषेक सिंह ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रतिनधि लीलाराम भोजवानी, महापौर मधुसूदन यादव, वेयरहाऊस के चेयरमेन नीलू शर्मा, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष शोभा सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेन्द्र दाऊ, सहकारी बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, भाजपा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अध्यक्ष जरनैल सिंह भाटिया, कांग्रेस नेता दिनेश शर्मा के अलावा कलक्टर भीमसिंह, डिप्टी कलक्टर जेके धु्रव, एएसपी राजेश अग्रवाल, एएसपी (माओवाद) वायपी सिंह, डीएसपी (ट्रेफिक) एमएस चंद्रा, टीआई सुरेश धु्रव, टीआई याकूब मेमन, संजय पुंढीर सहित बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के लोग मौजूद थे। सलामी कार्यक्रम के बाद एसपी अग्रवाल ने शहीद परिवारों की समस्याएं सुनीं।
Published on:
21 Oct 2017 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
