
सीएम हाउस से फोन का ऐसा भ्रम कि जारी हो गए दो-दो व्हिप, पढि़ए पूरी खबर ...
राजनांदगांव. जिले के अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में सीएम हाऊस के कथित फोन कॉल के नाम पर गड़बड़झाला होने का मामला सामने आया है। सीएम हाऊस से फोन आने की बात कर पहले कांग्रेस के एक उम्मीदवार के नाम पर पर्यवेक्षक ने व्हिप जारी कर दिया और फिर बाद में दूसरे उम्मीदवार के नाम पर व्हिप जारी किया गया। इस तरह चुनाव में आमने सामने खड़े दोनों उम्मीदवारों के पक्ष में व्हिप जारी हो गया। खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने इस मामले को लेकर संगठन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और 7 दिन में कार्रवाई न होने पर फिर से धरना देने की चेतावनी दी है।
उल्लेखनीय है कि अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विद्या ताम्रकार ने कांग्रेस की ही सविता मानिकपुरी को एक वोट से पराजित किया था। इस मामले में विधायक साहू ने जिला कांगे्रस अध्यक्ष नवाज खान पर भाजपा के साथ मिलकर पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी सविता मानिकपुरी के खिलाफ दूसरा उम्मीदवार खड़ा करने का आरोप लगाया था। जिला अध्यक्ष खान सहित उनका साथ देने वाले नेताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर विधायक साहू ने रायपुर में कांग्रेस कार्यालय के समक्ष धरना भी दिया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की समझाईश के बाद विधायक का धरना समाप्त हो गया लेकिन विधायक ने 7 दिन के भीतर अध्यक्ष पर कार्रवाई न होने की स्थिति में फिर से धरने की बात की है।
ये हैं दोनों व्हिप
अंबागढ़ चौकी के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक शोभीराम नेताम ने पूर्व में अध्यक्ष पद के लिए विद्या ताम्रकार को वोट देने के लिए पार्टी के पार्षदों को व्हिप जारी किया। विधायक साहू ने आरोप लगाया कि सीएम हाऊस के कथित फोन के बाद जिला अध्यक्ष खान के दबाव में यह व्हिप जारी किया गया। विधायक ने बाद में प्रभारी मंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से बात कर स्थिति स्पष्ट की, इसके बाद पर्यवेक्षक ने सविता मानिकपुरी के पक्ष में व्हिप जारी कर दिया। इस तरह चुनाव में खड़ी दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में व्हिप जारी हो गया और पार्षद भ्रम की स्थिति में रहे।
साजिश का शिकार हुए मानिकपुरी?
इस बीच सोशल मीडिया में एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें चौकी के एक पार्षद खुज्जी के एक भाजपा नेता से बात कर रहा है। इस बातचीत में कहा गया है कि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी के रहते चौकी में भाजपा का वर्चस्व खत्म होता जा रहा है, ऐसी स्थिति में उनकी पत्नी के बजाय किसी और कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपा समर्थन कर रही है। इस बातचीत में यह भी दावा किया गया है कि इस पूरी रणनीति में कांग्रेस के एक विधायक भी भाजपा का साथ दे रहे हैं।
Published on:
07 Jan 2020 10:27 am
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
