
राशन कार्डविहीन हर वार्ड के लोगों के लिए महापौर ने दिए 50-50 पैकेट ...
राजनांदगांव. महापौर हेमा देशमुख ने शहर के सभी वार्डों के राशन कार्डविहीन और अन्य राज्य व जिले से आए लोगों की मदद के लिए 2550 पैकेट खाद्यान्न देने की घोषणा की है। महापौर ने हर वार्ड के लिए 50-50 पैकेट जारी करने की स्वीकृति दी है। इसी विषय को लेकर महापौर ने एमआईसी के सदस्यों के साथ बैठक कर तय किया है कि महापौर निधि और पार्षद निधि में प्रभावित नागरिकों को भोजन व राहत सामग्री प्रदान करने की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने लगाए गए लॉकडाउन के चलते बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री प्रदान करने का काम प्रशासन ने शुरू किया है। फिलहाल प्रशासन बीपीएल राशन कार्डधारी और उज्जवला गैस कनेक्शन रखने वालों को छोड़कर राहत सामग्री दे रहा है। महापौर सहित पार्षदों का कहना है कि इस मापदंड के चलते कई जरूरतमंद लोग राशन से वंचित हो रहे हैं। इसी कड़ी में महापौर ने अपनी निधि से 10 लाख रूपए प्रदान किए हैं और अब महापौर ने एमआईसी की बैठक कर वंचित लोगों तक राशन पहुंचाने पहल की है।
श्रमिक कार्ड बनाने लिखा पत्र
महापौर देशमुख ने कलक्टर को पत्र लिखकर कहा है कि बीपीएल राशन कार्ड से शहर के कई परिवार वंचित हैं। उन्होंने कहा कि बीपीएल राशन कार्ड की पात्रता के लिए श्रम कार्ड की आवश्यकता होती है। ऐसे में उन्होंने श्रम कार्ड बनाने के लिए श्रम विभाग को आदेशित करने का आग्रह प्रशासन से किया है।
भाजपा पार्षदों ने मचाया हंगामा
छूटे हुए लोगों का राशन कार्ड बनाने प्रशासन ने पार्षदों को 50-50 आवेदन पत्र देने की बात सोमवार को की थी। इसी परिप्रेक्ष्य में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा पार्षद शिव वर्मा सहित कई पार्षद मंगलवार सुबह नगर निगम पहुंचे थे लेकिन उन्हें राशन कार्ड के लिए फार्म नहीं मिल पाया। शिव वर्मा ने आरोप लगाया कि एक तरफ प्रशासन पार्षदों के माध्यम से राशन कार्ड बनाने की बात कर रहा है और दूसरी ओर नगर निगम पहुंचे पार्षदों को फार्म नहीं मिल रहा है। वर्मा ने कहा कि नगर निगम में राशन कार्ड के लिए पूर्व में 4 सौ आवेदन पत्र जमा है। पहले इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसी बात को लेकर भाजपा पार्षदों ने नगर निगम में धरना देकर नाराजगी जाहिर की।
कोरोना से जंग जीतने वाले से महापौर ने की बात
महापौर हेमा देशमुख ने कोरोना वायरस से जंग जीतकर आए भरकापारा निवासी युवक से वीडियो कांफे्रसिंग के जरिये बात कर उसका कुशलक्षेम पूछा। महापौर ने बातचीत के दौरान कहा कि हास्पिटल में रहने के दौरान एक्सरसाइज करते हुए आए वीडियो में उसके हौसले को दर्शाया है और यह सीख भी है कि सकारात्मक रहकर और आत्मविश्वास के साथ हर जंग जीती जा सकती है।
Published on:
8 Apr 2020, 3:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.