
राजनांदगांव में इन चिटफंड कंपनियों की दो करोड़ की जमीन कुर्क, अब प्रशासन ने की ये तैयारी
राजनांदगांव. कम समय मेंं राशि डबल करने सहित अन्य लालच देकर विभिन्न चिटफंड कंपनियों द्वारा जिले के हजारों लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई है। जिला प्रशासन द्वारा फ्राड चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टर की गिरफ्तारी व उनके संपत्ति को कुर्क कर नीलामी करने के बाद निवेशकों को उनके डूबे रकम को वापस करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन की टीम ने फ्राड चिटफंड कंपनी जेएसवी डेव्लपर्स इंडिया लिमिटेड और वी रियलीटिज इंडिया लिमिटेड की जमीन कुर्क कर नीलामी की तैयारी कर ली गई है। जमीन की नीलामी के बाद निवेशकों को रकम वापसी की जाएगी।
दोनों कंपनी में 2237 लोगों ने कराई है रकम जमा
एसडीएम अरुण वर्मा ने बताया कि चिटफंड कंपनी जेएसवी डेव्लपर्स इंडिया लिमिटेड की रेवाडीह स्थित सवा करोड़ लागत वाली लगभग डेढ़ हेक्टेयर जमीन को शासन ने अपने आधिपत्य में लिया है। कंपनी के डायरेक्टर विजय लक्ष्मी पति जेएस कठेता के खिलाफ निवेशकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं चिटफंड कंपनी वी रियलीटिज इंडिया लिमिटेड के चवेली स्थित साढ़े तीन हेक्टेयर जमीन को कब्जे में लिया गया है। वी रियलीटिज इंडिया लिमिटेड का संचालक कमलेश वर्मा पिता पीआर वर्मा है। मिली जानकारी के अनुसार जेएसवी डेव्लपर्स इंडिया लिमिटेड में 1061 निवेशकों ने अपनी राशि जमा कराई है। इसके अलावा वी रियलीटिज इंडिया लिमिटेड कंपनी में 1176 लोगों ने रकम जमा किया है।
निवेशकों के रकम वापसी में प्रदेश में पहले स्थान पर जिला
राज्य सरकार के निर्देश पर कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा व एसपी के मार्ग दर्शन में शासन-प्रशासन द्वारा चिटफंड कंपनियों के द्वारा जिले में खरीदी किए संपत्ति की कुर्की कार्रवाई की जा रही है। अब तक विभिन्न कंपनियों के डायरेक्टरों द्वारा जिले में खरीदी किए संपत्ति की कुर्की कर करीब 1700 निवेशकों को पौने 12 करोड़ रुपए की रकम वापस दिलाई जा चुकी है। वहीं करीब ढाई सौ निवेशकों के करीब 50 लाख रुपए का ड्राफ्ट तैयार कर रकम वापसी की तैयारी की जा रही है। जल्द ही इन निवेशकों की रकम वापसी होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों को फास्ट टै्रक कोर्ट ने सुनाई ऐसी कड़ी सजा कि छा गया सन्नाटा, जानिए क्या है पूरा मामला
अब भी 68 फ्राड डायरेक्टर हैं फरार, पुलिस तलाश में जुटी
निवेशकों द्वारा विभिन्न चिटफंड कंपनियों के 156 डायरेक्टरों के खिलाफ जिले के थानों में अपराध दर्ज कराया गया है। जिसमें पुलिस ने अब तक 88 फ्राड डायरेक्टरों व कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 68 डायरेक्टर अभी फरार है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश मेंं जुटी है। बताया जा रहा है कि जिले भर में 3 लाख के आसपास निवेशकों ने विभिन्न चिटफंड कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज होने के बाद से पुलिस धोखाधड़ी करने वाले चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टरों व कर्मचारियों की लगातार गिरफ्तारी कर रही है। जिसमें 88 की गिरफ्तारी हुई है। वहीं 68 डायरेक्टर फरार है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
वर्सन
कलेक्टर के निर्देश पर चिटफंड कंपनी जेएसवी डेव्लपर्स इंडिया लिमिटेड और वी रियलीटिज इंडिया लिमिटेड कंपनी के रेवाडीह व चवेली स्थित जमीन को कुर्क की गई है। जमीनों के नीलामी की प्रक्रिया चल रही है।
अरुण वर्मा, एसडीएम राजनांदगांव
Published on:
01 Mar 2022 08:58 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
