
पति की मौत के 2 घंटे बाद पत्नी की मौत (Photo Patrika)
CG News: राजनांदगाव के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम विचारपुर में रविवार को एक मार्मिक घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। यहां 63 वर्षीय हरिचंद साहू और उनकी 60 वर्षीय पत्नी दुर्गा बाई साहू का कुछ ही घंटों के अंतराल में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार हरिचंद साहू रविवार सुबह करीब 9 बजे रोजाना की तरह अपने खेत गए थे। घर लौटकर स्नान और पूजा-पाठ करने के बाद अचानक उन्हें सीने में दर्द और पसीना आने लगा। परिजन तत्काल उन्हें चिखली स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कुछ ही समय बाद उनका निधन हो गया।
पति के निधन की खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद उनकी पत्नी दुर्गा बाई गहरे सदमे में आ गईं। उनकी हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें दीनदयाल नगर स्थित घर ले गए, लेकिन तबीयत लगातार खराब होती गई। बाद में उन्हें भी चिखली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ ही घंटों में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दुर्गा बाई उस दिन उपवास पर थीं और दोनों पति-पत्नी नियमित रूप से पूजा-पाठ में लीन रहते थे।
गांव में पति-पत्नी की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न समाज के लोग शामिल हुए। मुक्तिधाम में दोनों के पार्थिव देह को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र शंशाक साहू और ढालेंद्र साहू ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मोटरसाइकिलों में हुई भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
गंडई-पंडरिया जिला मुख्यालय मार्ग स्थित सडक़ अतरिया में सडक़ हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार 29 मार्च की शाम करीब साढ़े 6 बजे भाटापारा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 सीडी 0933 और सीजी 04 डीओ 9179 की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों वाहनों में कुल तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सडक़ पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल
हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 को जानकारी दी। पुलिस मौके पर एम्बुलेंस के साथ पहुंची और सभी घायलों को छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इलाज के दौरान ढाबा निवासी दूज राम वर्मा (45 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं बरहापुर निवासी कलेश्वर वर्मा (25 वर्ष) और सहसपुर निवासी जेलाल (50 वर्ष) को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय राजनांदगांव रेफर किया गया है।
Updated on:
31 Mar 2026 02:54 pm
Published on:
31 Mar 2026 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनंदगांव
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
