
गोबर खरीदी बंद होने से नाराज ग्रामीण सिर पर गोबर ढोकर जिला पंचायत पहुंचे, पूछा-कब होगी खरीदी?
राजनांदगांव/डोंगरगांव. सिर पर गोबर से भरा टुकना लेकर जिला पंचायत सीईओ के दफ्तर के बाहर पहुंचे ग्रामीण यहां शासन की गोधन न्याय योजना से गोबर बेचने नहीं आए हैं बल्कि इस योजना का सफल क्रियान्वयन नहीं होने का विरोध करने पहुंचे थे। दरअसल दो महीने से गोबर खरीदी नहीं होने से ग्रामीण नाराज थे और वे इस अनूठे अंदाज में विरोध जताने जिला पंचायत पहुंचे। नरवा गरवा घुरवा और बाड़ी को सरकार अपनी महत्वाकांक्षी योजना बता रही है और सरकार के दो साल पूरा होने के ठीक एक दिन पहले जिले की एक ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने गोबर खरीदी योजना की पोल खोल दी है। गोबर खरीदने में लापरवाही की शिकायत लेकर आसरा पंचायत के ग्रामीण सिर में एक टुकनी में गोबर लेकर सीधे जिला पंचायत कार्यालय पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बताया योजना को फ्लाप
राज्य सरकार के गुरुवार 17 दिसम्बर को दो साल पूरे होने के मौके पर हर तरफ सरकारी योजनाओं का बखान हो रहा है लेकिन इसके ठीक एक दिन पहले बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में ऐसी तस्वीर दिखी जिसने योजनाओं की जमीनी हकीकत की पोल खोलकर रख दी। जिले के डोंगरगांव क्षेत्र के आसरा पंचायत के ग्रामीणों ने सरकार की गोबर खरीदने की योजना को पूरी तरह फ्लाप बताते हुए कहा कि पंचायत में गोबर खरीदा नहीं जा रहा है और इसी के चलते वे यहां पहुंचे हैं।
क्रियान्वयन नहीं हो रहा
छत्तीसगढ़ शासन ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना के तहत गोधन न्याय योजना लागू की है, जिससे गौ-पालन को बढ़ावा मिलने के साथ ही गोबर को फेंकने की समस्या दूर करने और स्वच्छ वातावरण स्थापित करने सहित गौ-पालकों अतिरिक्त आमदानी के उद्देश्य से इस योजना की शुरुआत की गई है। कुछ क्षेत्रों में इस योजना का सफलता क्रियान्वयन नहीं हो रहा। यही कारण है कि सिर पर गोबर लेकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर आसरा पंचायत के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ के नाम ज्ञापन सौंपा है और जल्द से जल्द गांव में गोबर खरीदी शुरू कराने की मांग की है।
योजना दिखावा
राजनांदगांव जिले के आसरा पंचायत के ग्रामीण आज सिर पर गोबर से भरा टुकना लेकर जिला पंचायत पहुंचे। आसरा पंचायत के ग्रामीण दीपक वैष्णव का कहना है कि गौठान में लगभग दो माह से गोबर खरीदी बंद है, ऐसे में शासन की गोधन न्याय योजना का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। तनुजा सलाम, सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि वीसी में होने की वजह से मैं कार्यालय में नहीं थी। ग्रामीणों की शिकायत के संबंध में जानकारी लेकर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
Published on:
17 Dec 2020, 11:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.