22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

262 किलो डोडा पोस्त पकड़ा, यहां कार से मिली अलग-अलग 7 नंबर प्लेटें

नाथद्वारा. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाथद्वारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 262 किलो 400 ग्राम अफीम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई एसपी […]

2 min read
Google source verification
Doda Chura news

Doda Chura news

नाथद्वारा. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाथद्वारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 262 किलो 400 ग्राम अफीम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया है। यह कार्रवाई एसपी हेमंत कलाल, एएसपी महेंद्र पारीक एवं डिप्टी शिप्रा राजावत के निर्देशन में चल रहे ‘ऑपरेशनत्रिनेत्र’ के तहत की गई। थानाधिकारी कमलेंद्रसिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शनिवार रात नाथद्वारा-राजसमंद हाईवे पर करजिया घाटी के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया।

पीछा कर दबोचे आरोपी

कार चालक ने पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से भगा दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और स्टॉप स्टिक की मदद से कार के टायर पंचर कर दिए। इसके बाद करजिया घाटी स्थित महाकाली रेस्टोरेंट के पास वाहन को रुकवाया गया। इस दौरान कार में सवार दो युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

17 कट्टों में भरा मिला डोडा पोस्त

वाहन की तलाशी लेने पर 17 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 262 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार से अलग-अलग 7 नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं, जिससे एक संगठित तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

आरोपी चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजयसिंह (25) पुत्र रामसिंह चुंडावत निवासी चटावटी (थाना राशमी, हाल नाबरिया, थाना आमेट) तथा नितेश (23) पुत्र प्रकाश जाट निवासी मलूकदास खेड़ी (थाना डूंगला, हाल सूरत, गुजरात) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस टीम रही शामिल

इस कार्रवाई में थानाधिकारी के नेतृत्व में एएसआई कमलेंद्रसिंह, हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार, मदनसिंह, रिपुदमनसिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार, ओमाराम, नारायणलाल एवं चालक गजेंद्र प्रसाद शामिल रहे।