29 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजसमंद में 43वीं अंतर जिला रेंज स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़

राजसमंद. जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को 43वीं अंतर जिला रेंज स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण और गरिमामय शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस खेल आयोजन में उदयपुर रेंज के सात जिलों के पुलिस जवान अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) गौरव श्रीवास्तव […]

2 min read
Google source verification
Police Sports News

Police Sports News

राजसमंद. जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को 43वीं अंतर जिला रेंज स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण और गरिमामय शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस खेल आयोजन में उदयपुर रेंज के सात जिलों के पुलिस जवान अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) गौरव श्रीवास्तव रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा उपस्थित रहे। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के नेतृत्व में आयोजित समारोह का अतिथियों ने शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने खेल ध्वज फहराया तथा सफेद कबूतर उड़ाकर शांति, सद्भाव और खेल भावना का संदेश दिया। उद्घाटन समारोह में उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों की 16 टीमों के कुल 593 खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। आईजी ने मार्च पास्ट की सलामी ली और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की शपथ दिलाई गई।

आईजी बोले: खेल तनाव मुक्ति का माध्यम

आईजी गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक हैं, बल्कि आपसी मित्रता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की कठिन ड्यूटी के बीच खेल मानसिक तनाव को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।उद्घाटन मुकाबला: कबड्डी में राजसमंद की जीत

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला कबड्डी का खेला गया, जिसमें मेज़बान राजसमंद और सलूम्बर की टीम आमने-सामने रहीं। मुकाबले में राजसमंद की टीम ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और अंत में 23 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ किया।

सफल आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मेडिकल, आवास, समन्वय सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जो बाहर से आए खिलाड़ियों की व्यवस्थाओं और खेलों के सुचारू संचालन में जुटी हैं।

प्रतियोगिता की रूपरेखा

  • सहभागिता: 7 जिलों की 16 टीमें, कुल 593 खिलाड़ी
  • निर्णायक: निष्पक्ष खेल के लिए 100 से अधिक अनुभवी रेफरी तैनात29 मार्च: रिजर्व पुलिस लाइन में सांयकाल भव्य सांस्कृतिक संध्या
  • 30 मार्च: ‘बड़ा खाना’ (सामूहिक भोज) एवं पुरस्कार वितरण के साथ समापन