
किसानों ने इस काम में नहीं दिखाई रुचि, प्रशासन कर रहा प्रचार-प्रसार
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रदेश में आएमएस 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का कार्य 10 मार्च से 30 जून तक किया जाएगा। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए पंजीयन का कार्य ऑनलाइन जारी है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। सरकार की ओर से इस पर 20 जनवरी से खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए हैं। काश्तकारों को अधिकाधिक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए काश्तकारों को विविध तरीकों से प्रेरित किया जा रहा है। इसके बावजूद अभी तक सिर्फ पांच ही काश्तकारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। उल्लेखनीय है कि खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन 20 जनवरी से 25 जून तक सुबह 7 से शाम 7 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
जिले में यहां होगी खरीद
जिले के कांकरोली, मदारा और कुरज में खरीद की जाएगी। इसी प्रकार रेलमगरा, नाथद्वारा, जीएसएस राज्यावास, जीएसएस ओड़ा, जीएसएस पीपली डोडियाना, जीएसएस कोटड़ी और जीएसएस कुंवारिया में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद केन्द्र बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले साल भी गेहूं के समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए केन्द्र बनाए गए थे, लेकिन नाममात्र के रजिस्ट्रेशन हुए थे।
मार्च के पहले सप्ताह से होगी कटाई
जिले में इस बार गेहूं की 31530 हेक्टेयर में बुवाई हुई है। वर्तमान में फसलों की स्थिति अच्छी बताई जा रही है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण गेहूं का दाना छोटा रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके कारण इसकी क्वालिटी भी प्रभावित हो सकती है। हालांकि गेहूं की कटाई अगले माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होगी, जबकि कई स्थानों पर अगेती फसलें होने के कारण कटाई का कार्य शुरू हो गया है।
Published on:
24 Feb 2024 12:33 pm
