11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्री-वेडिंग फोटोशूट बना आखिरी याद, गोरी धाम के गहरे कुंड में डूबने से युवक की मौत

खुशियों से भरे सपनों के साथ मंगेतर के संग प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए पहुंचे एक युवक की जिंदगी गोरी धाम के गहरे कुंड में समा गई।

2 min read
Google source verification
Goridhan News

Goridhan News

देवगढ़. खुशियों से भरे सपनों के साथ मंगेतर के संग प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए पहुंचे एक युवक की जिंदगी गोरी धाम के गहरे कुंड में समा गई। चित्तौड़गढ़ निवासी 20 वर्षीय अर्जुन दमामी की डूबने से हुई मौत ने परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। बुधवार को एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव बाहर निकाला जा सका। दिवेर थाना क्षेत्र की बागाना ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम में यह हृदयविदारक हादसा हुआ। दिवेर थानाधिकारी दौलत सिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के सुरजना चौकी निवासी अर्जुन दमामी अपनी मंगेतर और उसके अंकल के साथ घूमने आया था।

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल वहीं रुक गए, जबकि अर्जुन और उसकी मंगेतर फोटोशूट के लिए नीचे की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि फोटोशूट के दौरान अर्जुन पानी के पास पहुंचा और नहाने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। मंगेतर की आंखों के सामने हुई इस घटना से वह बदहवास हो गई और चीख-पुकार मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मंगलवार देर शाम तक सिविल डिफेंस टीम द्वारा गहन तलाश की गई, लेकिन गहराई और अंधेरे के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

बुधवार सुबह उदयपुर से बुलाई गई एसडीआरएफ की विशेष टीम ने सिविल डिफेंस, पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से दोबारा अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद अर्जुन का शव गहरे कुंड से बाहर निकाला गया। जिस स्थान पर शव मिला, वह बेहद दुर्गम था। शव को खाईनुमा क्षेत्र से निकालकर करीब 100 फीट ऊंची खड़ीपहाड़ी के ऊपर तक पहुंचाना भी बड़ी चुनौती साबित हुआ। पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने कंधे से कंधा मिलाकर कठिन रास्ता पार करते हुए शव को सुरक्षित बाहर पहुंचाया।

एक महीने पहले हुई थी सगाई, दिसंबर में बजनी थी शहनाई

जानकारी के अनुसार अर्जुन और उसकी मंगेतर की करीब एक माह पूर्व ही सगाई हुई थी। दोनों की शादी इसी वर्ष दिसंबर में तय थी। शादी की तैयारियों और सुनहरे भविष्य के सपने संजो रहा परिवार इस हादसे के बाद गहरे सदमे में है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने थानाधिकारी दौलत सिंह की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोरी धाम में हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और सतर्कता के महत्व को उजागर कर दिया है। एक खूबसूरत याद संजोने निकला युवक, अपनों के लिए जीवनभर का दर्द छोड़ गया।