
राजसमंद. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) के अधीन राजसमन्द झील की नौचौकी पाल पर प्रस्तावित उद्यान विकास की महत्वपूर्ण योजना के तैयार किए गए प्रारूप में आमूलचूल परिवर्तन करते हुए संशोधित कार्ययोजना तैयार करने को लेकर उच्च शिक्षामंत्री किरण माहेश्वरी ने अधिकारियों को जरुरी दिशा-निर्देश दिए है। मंगलवार रात यहां मेवाड़ क्लब में हुए कार्यक्रम में उक्त योजना का हाल ही विभाग द्वारा तैयार किया गया प्रारूप सभी के समक्ष प्रदर्शित किया गया। पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में विभागीय वास्तुकार राहुल कुमार ने स्क्रीन पर प्रारूप प्रदर्शित करते हुए योजना में प्रस्तावित प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से अवगत कराया। उच्च शिक्षामंत्री ने योजना में शामिल प्रत्येक कार्य का हर पहलू गौर से देखा और समझा तथा उद्यान का विकास और अधिक बेहतर ढंग से करने, आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के बारे में चर्चा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव दिए और इस आधार पर जरुरी संशोधन करने के लिए हाथों-हाथ दिशा-निर्देश जारी किए। इस पर विभागीय अधिकारियों ने उच्च शिक्षामंत्री के निर्देशानुसार नया खाका तैयार कर दिल्ली स्थित विभागीय मुख्यालय भेजने की बात कही। इस दौरान नगर परिषद सभापति सुरेश पालीवाल ने भी प्रस्तावित योजना के बारे में अहम सुझाव पेश किए तथा कहा कि उद्यान को अधिकाधिक सुन्दर व उपयोगी बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलक्टर बृजमोहन बैरवा, परिषद आयुक्त बृजेश रॉय, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग उदयपुर के संरक्षण सहायक महेन्द्र चौधरी, जोधपुर के अधीक्षक पुरातत्वविक वी.एस. वडिग़र, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नाम्बीराजन, भाजपा नगर अध्यक्ष महेन्द्र टेलर, महामंत्री गिरीराज कुमावत, उप सभापति अर्जुन मेवाड़ा आदि मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि करीब तीन करोड़ रुपए लागत की इस योजना के तहत प्रस्तावित स्थल पर अत्याधुनिक तरीके से आकर्षक उद्यान विकसित किया जाएगा। इसमें रंगीन फव्वारे लगेंगे, आकर्षक रंगीन रोशनी की व्यवस्था रहेगी। लोगों की आवाजाही के लिए पाथ-वे का निर्माण होगा जबकि सुविधा के लिए टॉयलेट ब्लॉक बनाया जाएगा।
भाजयुमो की बैठक में शौर्य कलश पर चर्चा
राजसमंद. भाजयुमो जिला कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को नगर परिषद सभागार में हुई। मोर्चा राजसमन्द के जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि बैठक मोर्चा अध्यक्ष जगदीश पालीवाल की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि जिला प्रभारी आजाद शर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला महामंत्री गोपाल गुर्जर एवं मुकेश तेली के सानिध्य में सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि 11 मई 2018 को परमाणु परीक्षण के 20 वर्ष पूर्ण होने पर भाजयुमो राजस्थान की प्रत्येक विधानसभा में पोखरण की मिट्टी जो शौर्य कलश में प्रत्येक विधानसभा में लाई जाएगी। उसी के तहत 4 मई २०18 को पोखरण में कार्यक्रम होगा। जहां से शौर्यकलश वितरित किए जाएंगे। राजसमन्द में 4 विधानसभा में 4 कलश लाने के पश्चात सभी विधानसभा में युवा शक्ति सम्मेलन के माध्यम से शौर्यकलश की मिट्टी से सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को तिलक लगाकर उस गौरवपूर्ण दिवस को याद किया जाएगा।
Published on:
3 May 2018, 9:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.