9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मां कोकिला बेन के जन्मदिन पर परिवार के साथ श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे मुकेश-अनिल अम्बानी, प्रभु को धराया सोने का हार

Ambani family at Shrinathji Temple श्रीनाथजी मंदिर में छप्पनभोग मनोरथ दर्शन का लिया लाभ, गुलाल में सराबोर हो दिखे प्रसन्न  

less than 1 minute read
Google source verification
24022024rajsamand16.jpg

Ambani family at Shrinathji Temple अंबानी परिवार की मुखिया कोकिलाबेन के 89वें जन्मदिन पर शनिवार को प्रभु श्रीनाथजी मंदिर में भव्य छप्पनभोग मनोरथ हुआ। आयोजन में शामिल होने अम्बानी परिवार के तमाम सदस्य व मित्रगण नाथद्वारा पहुंचे। कोकिला बेन ने प्रभु श्रीनाथजी को सोने का हार पधराया।


श्रीनाथजी को छप्पनभोग मनोरथ में 351 प्रकार के व्यंजनों का भोग धराया गया। विशेष मनोरथ के लिए मुंबई से विशेष विमान से उद्योगपति मुकेश अंबानी, पत्नी नीता अंबानी, बड़े पुत्र आकाश अम्बानी शनिवार सुबह डबोक हवाईअड्डा उतरे एवं वहां से सडक़ मार्ग से नाथद्वारा पहुंचे। कोकिला बेन, छोटे पुत्र अनिल अंबानी, पुत्रवधू टीना एवं बेटी के अलावा कथा मर्मज्ञ रमेश भाई ओझा शुक्रवार शाम को श्रीनाथजी की नगरी में पहुंच गए थे।


सभी ने श्रीनाथजी मंदिर में डोल तिबारी एवं रतन चौक तक धराए प्रसाद के छप्पनभोग मनोरथ के दर्शन किए। प्रसाद उठाने के बाद सभी ने डोल तिबारी श्रीनाथजी एवं ठाकुरजी की गोद में बिराजित निधि स्वरूप लाड़ले लालनजी के दर्शन किए। वे फागोत्सव की गुलाल से भी सराबोर हो गए। तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने ठाकुरजी को लाड़ लड़ाते हुए आरती उतारी, तब तक अंबानी परिवार के सदस्य प्रभु के सम्मुख हाथ जोडक़र दर्शन करते रहे। कोकिला बेन ने ठाकुरजी के सम्मुख भेंट अर्पित की।

कोकिला बेन को दी बधाई
मंदिर से बाहर आकर मुकेश अम्बानी, नीता, आकाश आदि ने कोकिलाबेन को जन्मदिन की बधाइयां दी। फिर सभी मोतीमहल व लालनजी बगीचा में पहुंचे, जहां स्वागत परंपरानुसार विशाल बावा ने सभी के सिर पर फेंटा बांध रजाई ओढ़ाई व प्रसाद प्रदान किया। फिर सभी मेहमान वल्लभ विलास कॉटेज पहुंचे, जहां दोपहर का भोज रखा गया। भोजन के बाद सभी सदस्य अलग-अलग वाहनों से मुम्बई जाने के लिए उदयपुर के डबोक हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गए।