
राजसमंद. शहर व आस-पास के इलाकों में बेशकीमती जमीनों का फर्जी मालिक बन बेचान करने वाले गिरोह के सरगना व एक साथी को राजनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
राजनगर सीआई डॉ. हनुवंत सिंह ने बताया कि गत 16 नवम्बर को सुन्दरलाल पुत्र हरिराम पालीवाल व भंवरलाल पुत्र हरिराम पालीवाल निवासी जावद हाल अहमदाबाद ने मनोज पुत्र यशवंतपुरी गोस्वामी, प्रदीप पुत्र भंवरलाल पालीवाल निवासी जावद, शम्भूलाल पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी लेवा का छापर, नारायणलाल पुत्र भंवरलाल गुर्जर व एक अज्ञात महिला के विरुद्ध जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला इस्तगासे के जरिए दर्ज करवाया। इसमें बताया कि उनकी माता हंगामी बाई की मृत्यु 25 सितम्बर, 2008 को हो गई थी। मनोजपुरी व प्रदीप आपराधिक षड्यंत्र रचकर स्व. हगामी बाई के नाम पर दर्ज जावद की आराजी नंबर 260 रकबा 1.09 बीघा भूमि किसी अन्य महिला को खड़ी कर 8 जनवरी, 2016 को राजसमन्द में उप पंजीयक के लोगों को बेचकर रजिस्ट्री करवा दी। जो महिला फर्जी रूप से हगामी बाई बनी, उसके बारे में पुलिस को पता नहीं चला है।
पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त मनोजपुरी उर्फ बन्टी बहुत ही शातिर किस्म का अपराधी है, जो कानूनी पेचीदगियों का जानकर है। उसने प्रकरण में उच्च न्यायालय, जोधपुर से अपनी गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा था। स्टे की आड़ में लगातार भोले-भाले लोगों की जमीनों का फर्जी मालिक बन फर्जी ढंग से बेचान कर लाखों रुपए कमाकर मौज-शोक कर रहा था। उसके विरुद्ध पूर्व में चोरी, मारपीट, अवैध हथियार रखने एवं फर्जी रजिस्ट्री के कुल 8 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने बंटी के साथ प्रदीप पालीवाल को भी गिरफ्तार किया है।
Updated on:
17 Sept 2022 10:21 pm
Published on:
17 Sept 2022 10:16 pm
