
Hokey Player News
राजसमंद. बाड़मेर जिले में आयोजित 16वीं हॉकी राजस्थान जूनियर महिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2026 में राजसमंद की बेटियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हनुमानगढ़ को रोमांचक मुकाबले में हराकर अगले दौर में जगह बना ली। मैच शुरू से ही बेहद कांटे का रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली और स्कोर बराबरी पर अटका रहा। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ, जहां राजसमंद की टीम ने अपने धैर्य और सटीकता से जीत हासिल कर ली।
शूटआउट में राजसमंद ने हनुमानगढ़ को 4-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत की असली हीरो रही टीम की गोलकीपर तनीषा, जिन्होंने हनुमानगढ़ के तीन अहम प्रयासों को नाकाम कर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं, राजसमंद की फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और सटीक निशानेबाजी के साथ हर मौके को भुनाते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
टीम मैनेजर किशन कुमावत ने बताया कि खिलाड़ियों ने दबाव के क्षणों में भी संयम बनाए रखा, जो उनकी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी। पूरे मैच में टीम का आत्मविश्वास और खेल भावना काबिले-तारीफ रही।
इस जीत के साथ ही राजसमंद की टीम ने टूर्नामेंट में अपने अगले चरण की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। खिलाड़ियों के जज्बे और प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि राजस्थान में हॉकी का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।
इस शानदार उपलब्धि पर हॉकी राजसमंद के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह गौड़, सचिव अनिल सनाट्य, गोवर्धन लाल पुरबिया, गिर्राज कुमावत, ओम कलसिया, रेखा ठाकुर सहित कई खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Published on:
13 Apr 2026 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
