
राजसमंद. आसमान से लेकर जमीन में धूम-धड़ाका करने वाले पटाखे इसबार १४ फीसदी तक महंगे हो गए हैं। इसका मुख्य कारण पटाखों पर लगा २८ प्रतिशत जीएसटी है। इधर देसी पटाखों की तुलना में सस्ते मिलने वाले चाइनीज पटाखों की पीएम मोदी के मेक इन इंडिया ने हवा निकल दी है। जिससे इस बार आतिशबाजी के मजे लेना महंगा साबित होगा। हालांकि देसी के मुकाबले चाइनीज पटाखे पर्यावरण के लिए अधिक घातक होते हैं।
दो सालों से घटी बिक्री
व्यापारियों के अनुसार जिले में हर साल दीपावली सीजन में करीब ३ करोड़ तक के चाइनीज उत्पादों की बिक्री होती थी। मगर पिछले दो सालों से ग्राहक चीनी उत्पाद की मांग ही नहीं कर रहे। इस कारण शहर व देहात की दुकानों पर इस बार देसी पटाखे, फुलझडिय़ा ही मिल रही है।
देसी आइटमों से सजा बाजार
चाइना की फेमस विद्युत लरियों की जगह लगभग उसी दाम में इसबार बाजार में कैप सीरीज लाइटें हैं। जो देसी विद्युत लरियां हैं। वहीं स्टैंड फ्लावर, वर्डकप बॉल, फुहारे के साथ रंग बदलते गुलदस्ते आदि सामान से बाजार गुलजार हो रहा है।
इसलिए सस्ते पड़ते हैं चीनी पटाखे
देसी पटाखों में एल्यूमिनियम पाउडर, पोटेशियम नाइट्रेट का उपयोग किया जाता है, जबकि चाइनीज पटाखों में पोटेशियम क्लोरेट का उपयोग होता है। यह पोटेशियम नाइटे्रट से सस्ता पड़ता है। इसलिए चाइनीज पटाखे बाजार में देसी के मुकाबले सस्ते मिल जाते हैं। जबकि पोटेशियम क्लोरेट, नाइट्रेट तुलना में बहुत अधिक जहरीली गैस जोड़ता है, इसका धुआं जीवन व प्रकृति के लिए हानिकारक होता है। महंगाई की मुख्य वजह यही है।
जीएसटी बढ़ाई महंगाई
अभी तक पटाखों पर १४ फसदी कर था, लेकिन २८ फीसदी जीएसटी लगने से दामों में १४ प्रतिशत का उछाल आ गया है। व्यापारियों ने बताया कि कई पटाखे तो १४ से २० प्रतिशत तक महंगे हुए हैं।
जीएसटी लगने से पटाखों के दाम बढ़े
पटाखा व्यापारी सब्बीर हुसैन बोहरा बताते हैं कि इसबार जीएसटी लगने से दामों में उछाल आया है। इससे बिक्री में कमी है। हालांकि बिक्री का सही आंकलन दीपावली के निकट आने पर ही लगेगा। अभी तक दीपावली पर पटाखों की बिक्री की कोई स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
रोबो अनार आ रहा पसन्द
देवगढ़. रोशनी पर्व दीपावली को लेकर नगर में पटाखा बाजार पूरी तरह तैयार हो चुका है। पटाखा बाजार में इस बार कई नए आकर्षण हैं। त्यौहार करीब आने के साथ ही पटाखा व्यवसाय में भी बढ़ोतरी होती जा रही है। इस बार बटर फ्लाई कोठी, रंगोली पटाखा, मिलेनियम अनार, डिस्को फ्लैश, पटाखा मैजिक, विप क्रेकलिंग लड़ी, गोल्डनरश, अनार आदि प्रमुख हैं। पटाखा व्यवसायी ने बताया कि इस बार बच्चों के लिए आठ राउंड की विशेष पिस्टल रिंग केक गन बाजार में आई है, जिसमें विशेष प्रकार की टिकड़ी लगेगी। यह गन बच्चों के लिए सुरक्षित भी है। इसकी खासियत यह है कि इसमें आठ राउंड फायर एक साथ हो सकते हैं। इसी तरह बटरफ्लाई की नई वैरायटी बाजार में आई है। इसमें एक के बाद एक पांच रंग की तितलियां निकलेंगी, जो भिन्न दिशाओं में उड़ेगी। वहीं, मैजिक विप भी बच्चों को काफी आकर्षित कर रहा है। रोबो अनार भी नया है, जो काफी पसन्द किया जा रहा है।
Published on:
11 Oct 2017 02:59 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
