
जया प्रदा ने रामपुर पहुंचने से पहले ही जताया जान का खतरा, मिली वाई प्लस सुरक्षा
रामपुर: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में रामपुर लोकसभा सीट अभी से ही पूरे देश में सबसे ज्यादा हॉट सीट बन चुकी है। यहां सपा के कद्दावर नेता आज़म खान के मुकाबले भाजपा ने पूर्व सांसद और अभिनेत्री जया प्रदा को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच काफी कड़वाहट है और दोनों सार्वजनिक मंच से इसे जाहिर भी कर चुके हैं। यही नहीं चुनाव के लिए पहुंचने से पहले ही जया प्रदा ने आज़म खान के खिलाफ जुबानी जंग भी छेड़ दी है। जिसमें उन्होंने रामपुर में अपनी जान को खतरा बताया है। जिस पर उन्हें शासन ने वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी है। एसपी रामपुर शिवहरी मीना के मुताबिक रामपुर में पहुंचते ही उन्हें ये सुविधा दे दी जाएगी।
VIDEO: पुलिस कस्टडी से फरार हुआ वेस्ट यूपी का यह कुख्यात बदमाश जा सकता है देश से बाहर!
ये है वाई प्लस
वाई प्लस श्रेणी में स्कॉट के साथ उनकी सुरक्षा में 17 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जायेगा। जया प्रदा ने सुरक्षा को लेकर शासन में कहा था,जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की जिम्मेदारी मिली है।
मोदी की रैली में इसलिए उतर गए थे भाजपाइयों के चेहरे, सीएम भी मंच पर ही हो गए नाराज!
दोनों में है अदावत
आज़म खान और जया प्रदा में अदावत किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में रामपुर आने से पहले ही अपने लिए भावनात्मक जुड़ाव के लिए जया ने सुरक्षा को लेकर पहला वार किया है।यही नहीं टिकट की घोषणा के बाद उन्होंने रामपुर में अपने साथ पुराना अनुभव भी साझा किया था। जिसमें उन्हें शहर में कोई होटल कमरा भी नहीं देता था। अब देखना ये होगा कि बतौर भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा आज़म खान को लोकसभा चुनाव में हरा पाती हैं या नहीं।
Published on:
30 Mar 2019, 9:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.