आजम खान के करीबियों में गिने जाने वाले फसाहत अली शानू ने बीजेपी ज्वाइन कर ली है। फसाहत काफी समय तक आजम खान के मीडिया प्रभारी भी रहे हैं।
रामपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच आजम खान के मीडिया प्रभारी रहे फसाहत अली शानू बीजेपी में शामिल हो गए है। सोमवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शानू को बीजेपी की सदस्यता दिलाई।
फसाहत अली शानू लंबे समय तक आजम खान के साथ रहे हैं। साल 2012 में शानू ने आजमवादी मंच भी बनायाथा। इस मंच के अध्यक्ष फसाहत अली ही थे।
शानू पर 30 से ज्यादा मुकदमें
साल 2017 में प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद आजम खान के खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हुए। आजम खान के साथ शानू पर भी कई केस दर्ज किए गए और उनको जेल में भी रहना पड़ा। शानू को गुंडा एक्ट में दो बार रामपुर से जिला बदर भी किया गया। शानू पर 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
2022 के चुनाव के बाद अखिलेश पर हुए थे हमलावर
शानू ने 2022 विधानसभा में सपा को हार मिलने के बाद अखिलेश यादव पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव को मुसलमानों के कपड़ों से बदबू आती है। उन्होंने कहा था कि बीजेपी से हमारी कोई शिकायत नहीं है वो जैसा सलूक हमारे साथ करते हैं, वैसा ही सलूक हम भी उनके साथ करते हैं। अब वो भाजपा में शामिल हो गए हैं।