
रामपुर में प्रिंसिपल की 'बैड टच' वाली हरकत पर फूटा गुस्सा...
School Principal Pocso Arrest Rampur: रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाखेड़ा गांव स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्र-छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और बैड टच करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित बच्चों की शिकायत के बाद अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्कूल पहुंचकर आरोपी प्रिंसिपल की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोप है कि प्रिंसिपल बच्चों को अनुशासन के नाम पर कमरे में बंद कर देता था और उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। बच्चे विरोध करते तो उन्हें पीटा जाता और धमकाया जाता था। डर के कारण कई छात्र-छात्राओं ने स्कूल जाना तक बंद कर दिया था। परिजन जब तक सच्चाई जान पाते, तब तक बच्चों पर मानसिक आघात पड़ चुका था।
बताया गया कि कुछ दिन पहले भी अभिभावकों ने स्कूल जाकर प्रिंसिपल की शिकायत की थी। उस समय आरोपी ने माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं। शनिवार को फिर से कुछ छात्राओं के साथ बैड टच की घटना हुई, जिसके बाद पीड़ित बच्चों ने घर जाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
सोमवार को बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और आरोपी से जवाब-तलब करने लगे। आरोप है कि इस दौरान प्रिंसिपल नशे की हालत में था और अभिभावकों से बदतमीजी करने लगा। इससे नाराज होकर लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने आरोपी की पिटाई कर दी। स्कूल परिसर में करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा।
हंगामे की सूचना मिलने पर बिलासपुर थानाध्यक्ष अर्जुन त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और आरोपी प्रिंसिपल को सुरक्षित स्कूल से बाहर निकालकर थाने ले गई। इस दौरान स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जब्त कर ली गई।
अभिभावकों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य पीड़ित बच्चों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
तीन छात्रों ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। 6 साल के एक छात्र ने बताया कि परीक्षा के दौरान उसे गलत तरीके से छुआ गया। 12 साल के छात्र ने बताया कि ऑफिस में बुलाकर उसके प्राइवेट पार्ट को छुआ गया। वहीं 10 साल के बच्चे ने कहा कि गलती होने पर सजा के नाम पर आरोपी उनके साथ अश्लील हरकत करता था और विरोध करने पर मारता-पीटता था।
आरोपी प्रिंसिपल मूल रूप से केरल का रहने वाला बताया जा रहा है और साल 2020 से रामपुर के इस स्कूल में नियुक्त था। अभिभावकों का आरोप है कि वह अक्सर शराब के नशे में स्कूल आता था और क्लासरूम में घूमता रहता था। बच्चों को डराकर वह अपनी दरिंदगी को अंजाम देता था।
एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि बच्चों के साथ अश्लील हरकतों के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Updated on:
17 Feb 2026 05:10 pm
Published on:
17 Feb 2026 05:10 pm
