Kavad Yatra :सैकड़ों कांवड़ियों ने शहर में उठाई 3 दिवसीय सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा। कई जगह हुआ भव्य स्वागत। विधायक-सांसद से लेकर कई दिग्गज यात्रा में शामिल हुए। रिमझिम बारिश के बीच शहर शिवमय नजर आया।
Kavad Yatra : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा विकासखंड में हर साल निकाली जाने वालीसामाजिक समरसता कावड़ यात्रा का शहर में भव्य स्वागत किया गया। शनिवार देर रात को यात्रा ने नए शहर में प्रवेश किया और प्रमुख मार्गो से होती हुई निजी रिजॉर्ट पर रात्रि विश्राम किया। आज सुबह 08 बजे कावड़ यात्रा पिपलोदा के लिए रवाना हो गई।
श्री शिव भक्त सेवा समिति द्वारा निकाली जा रही 3 दिवसीय सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा का शुभारंभ शनिवार सुबह 10.30 बजे त्रिवेणी संगम मिंडाजी स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की उपस्थिति में समिति प्रमुख प्रांजल पांडेय और श्रद्धालुओं ने महादेव का पूजन-अभिषेक किया और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ त्रिवेणी संगम से जल भरकर कावड़ यात्रा शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालु कावड़ लेकर साथ चलते नजर आए। डीजे की धुन पर थिरकते हुए श्री भगवान शिव के जयकारे लग रहे हैं।
यात्रा ग्रामीण क्षेत्र में भ्रमण करते हुए शाम को जावरा पहुंची और जागनाथ महादेव मंदिर में दर्शन के साथ ही नगर भ्रमण किया। इसके बाद रात्रि विश्राम निजी रिसोर्ट में किया गया। यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान जगह जगह स्वागत के लिए जगह-जगह तोरण द्वार और फ्लैक्स-बैनर लगाए गए थे सभी जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया पूरा शहर शिवमय नजर आ रहा था रिमझिम बारिश के बीच कावड़ यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा ने जैसे ही शहर में प्रवेश किया तो शहरवासियों ने जमकर यात्रा पर पुष्प वर्षा करते हुए कांवड़ियों को स्वागत किया। यात्रा में सांसद सुधीर गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय समेत कई भाजपा के दिग्गज नेता उपस्थित रहे। कांवड़ यात्रा में गजानन के ऊपर बाबा महाकाल विराजमान होकर नगर भ्रमण कर रहे थे। साथ ही, भस्म रमैया भक्त मंडल की आकर्षक धुन पर युवा थिरक रहे थे।
सामाजिक समरसता कावड़ यात्रा ने आज यानी रविवार सुबह रेलवे ओवरब्रिज और चौपाटी रोड होते हुए पिपलौदा क्षेत्र में प्रवेश किया। यहां पूरे दिन भ्रमण करने के बाद यात्रा अगले दिन सैलाना में श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। जहां 28 जुलाई को महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा।