गैस सिलेंडर में ब्लास्ट
मंदसौर. गणतंत्र दिवस के दिन शहर के संजीत नाका के पास राजीव कॉलोनी में गैस सिलेंडर ब्लॉस्ट की घटना हुई थी। इसमें महिला की मौत हो गई थी तो पति गंभीर रुप से घायल हो गया। इसका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। घटना के बाद शनिवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा जिला अस्पताल पहुंचे और घायल के उपचार की जानकारी ली। घायल से मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री देवड़ा उसके घर भी पहुंचे और सिलेंडर ब्लॉस्ट की घटना के बाद बनी स्थित और क्षतिग्रस्त दीवार व दरवाजों को देखा। अस्पताल में सिविल सर्जन को देवड़ा ने घायल का बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए।
सुबह के समय हुए घटनाक्रम के बाद अचानक सनसनी फैल गई और भीड़ जमा हो गई। चाय बनाने के लिए राजेश की पत्नी ने जब गैस का बर्नल चालू किया तो धमाका हुआ और जोर की आवाज आई। इस धमाके ने टी-स्टॉल चलाने वाले राजेश के परिवार को ही बिखेर दिया। घर का एक हिस्सा मलबे में बदल गया, दीवारों में दरारें आ गई। शनिवार को कई लोग हादसे के बाद भयावह मंजर देखने पहुंचे तो दीवारों व यहां पड़े मलबे को देख घटना का अंदाजा हर कोई लगा रहा।
शहर के संजीत नाका के पास राजीव कॉलोनी में सिलेंडर ब्लॉस्ट की इस घटना में हुआ। पुष्पा बाई (32) की मौत हो गई थी। पुष्पाबाई ने शुक्रवार को सुबह चाय बनाने के लिए गैस चूल्हे का बर्नर ऑन किया तभी धमाका हो गया। ब्लास्ट के बाद आग का गोला उठा। इससे पुष्पा बुरी तरह झुलस गई। उसका पति राजेश पोरवाल (35) भी घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पुष्पा को मृत घोषित कर दिया गया। राजेश की हालत नाजुक बनी हुई है। सिलेंडर ब्लास्ट होने से मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मलबे में पति राजेश पोरवाल और पत्नी पुष्पाबाई भी दब गए थे। पुलिस ने मलबा हटाकर दोनों को अस्पताल भेजा।