रतलाम के मेडिकल कॉलेज में रातभर धरने पर रहे आलोट और सैलाना विधायक, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सुबह 6 बजे आरोपी के घर जेसीबी चला दी
रतलाम। एमपी के रतलाम में सुबह—सुबह बड़ी कार्रवाई हुई। यहां एक दुष्कर्मी का मकान धराशायी कर दिया गया। ज़िले के गांव में एक मासूम के साथ बलात्कार हुआ था और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता के पक्ष में कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए। यहां तक कि दो विधायकों ने फर्श पर ही सोकर रात काटी। सुबह होते ही प्रशासनिक अधिकारी पुलिस के साथ दुष्कर्मी का मकान ढहाने पहुंच गए।
गांव में मासूम के साथ दुष्कर्म के मामले में मंगलवार दोपहर में सर्वसमाज संगठनों ने कलेक्टर कार्यालय में धरना दिया था। इसके बाद पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल पीडि़ता से मेडिकल कॉलेज में पहुंचे और यहीं धरने पर बैठ गए। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे कमलेश्वर पटेल स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ यहां आए थे। अस्पताल प्रबंधन से उनकी कहासुनी हो गई। कमलेश्वर पटेल कलेक्टर के कॉलेज परिसर में आकर मिलने की बात पर अड़ गए। पूर्व मंत्री के धरने पर बैठने के बाद सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत और आलोट विधायक मनोज चांवला भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और धरना दे दिया।
पूर्व मंत्री और सैलाना तथा आलोट विधायक रातभर यहीं सोए। ऐसे में प्रशासन घबरा उठा और सुबह सुबह ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दुष्कर्मी के गांव पहुंच गए। जेसीबी से दुष्कर्मी का मकान जमींदोज कर दिया गया। कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, आलोट विधायक मनोज चांवला और सैलाना विधायक हर्ष विजय गहलोत के धरने के बाद प्रशासन कार्रवाई के लिए मजबूर हो उठा। बुधवार सुबह आरोपी के खेत में बने मकान को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया।