दूसरे दिन भी सुबह से पुलिस ने शुरू कर दिया रेस्क्यू ऑपरेशन, दोपहर तक कई टीमें करती रही मशक्कत
रतलाम. मथुरी से करमदी के बीच के नाले की पुलिया पर शुक्रवार को बाइक सहित पति-पत्नी के बह जाने के बाद पत्नी का शव 36 घंटे की मशक्कत के बाद भी बरामद नहीं किया जा सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार शव को ढूंढने का प्रयास कर रही है किंतु शव नहीं मिल पा रहा है। पुलिस ने एसडीआरएफ के साथ ही ग्रामीण तैराकों की भी मदद ली है फिर भी सफलता नहीं मिल पा रही है। शव को ढूंढने के लिए रविवार की सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है।
यह था मामला
मथुरी व करमदी के बीच बहने वाले नाले में शुक्रवार को हुई तेज बारिश से पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा था। शुक्रवार की रात को पुलिया पार करने के दौरान दिलीपनगर निवासी राधेश्याम और उसकी पत्नी सीताबाई बाइक सहित बह गए थे। घटना रात करीब 11 बजे की थी। पति राधेश्याम तो करीब 500 मीटर दूर जाकर पेड़ की टहनी पकडक़र बच गया और बाहर निकल आया लेकिन पत्नी सीताबाई बह गई। उसका शव आज तक नहीं मिल पाया है। महिला की साड़ी और बाइक नदी में मिल चुकी है।
स्टाप डेम में एक सप्ताह में दूसरी मौत
बारिश में स्टाप डेम, नदी, नालों में जाना जान जोखिम में डालने जैसा है लेकिन लोग मानते नहीं है। शुक्रवार की रात को मथुरी से करमदी के बीच के नाले को पार करने के दौरान बाइक सवार पति-पत्नी के बहने और पति के बच जाने के बाद पत्नी की तलाश की जा रही थी कि शनिवार को फिर से सामने आ गई। रावटी थाना क्षेत्र के काचला गांव निवासी एक वृद्ध स्टाप डेम में नहाने पहुंच गया। इसी दौरान पानी का तेज बहाव आया और वह उसमें बह गया। पांच घंटे बाद उसकी लाश मिली।
3 अक्टूबर को भी डूबा था युवक
शिवगढ़ पुलिस थाने के गांव भेड़ली निवासी बाबू पिता जीवन पगी (45 वर्ष) रविवार को पत्नी देवली के साथ भेड़ली स्थित खेत पर गया था। वहां शाम 4.30 बजे वह नहाने के लिए भेड़ली स्थित स्टापडेम पर चला गया। भेड़़ली के प्रभु पारगी ने बताया कि उसका भांजा बाबू डेम में उतरकर नहा रहा था और पत्नी डेम के बाहर बैठी थी। इसी दौरान बाबू का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और उसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। शिवगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।