नगर निगम में काम से आए, पर नहीं दिखा पाए टीका लगाने का सर्टिफिकेट
रतलाम. कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए टीका की जरूरी दो डोज लगी है या नहीं, इसकी जांच के बीच नगर निगम ने बुधवार को प्रवेश के दोनों दरवाजों पर जांच के लिए कर्मचारी खड़े कर दिए। जिन लोगों या कर्मचारियों के मोबाइल में टीका लगवाने का प्रमाणपत्र नहीं था, उनको वापस लोटा दिया। सुबह 10.30 बजे दोनों गेट पर दो - दो कर्मचारी खड़े किए गए। पूरे दिन कुल 7 घंटे में 1087 लोगों को लौटाया गया।
सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक निगम के दोनों गेट पर कर्मचारी खड़े रहे। इन कर्मचारियों को सुबह ही बता दिया गया था कि कोई भी हो, बगैर जांच के अंदर नहीं आने दिया जाए। यहां तक की उपायुक्त विकास सोलंकी जब वाहन से आए तो उनके वाहन को भी रोककर टीका सर्टिफिकेट की जांच की गई। इनके अलावा सामान्य लोग से लेकर विभिन्न पार्टी के आए हुए संगठन पदाधिकारियों को भी रोका गया।
कुछ लोगों ने कहा एक लगाया है
हालांकि कुछ लोग इस प्रकार के भी आए जो दो में से एक टीका लगवाए हुए थे। इसके बाद उन लोगों ने रोकने वालों से कहा भी कि एक टीका लगवाया है व दूसरा टीका समय पर लगवा लेंगे, इसके बाद उनको मास्क लगाने की हिदायत दी गई। इसके बाद अंदर प्रवेश दिया गया।
फैक्ट फाइल
कुल काम किया - 7 घंटे
गंदगी की शिकायत - 244
अतिक्रमण की शिकायत - 182
राशनकार्ड में नाम परिवर्तन - 155
पेयजल गंदा आ रहा - 90
नामांतरण - 218
अन्य प्रकार की - 198
कुल - 1087
सुरक्षा के लिए जरूरी
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है। इसलिए इस प्रकार का अभियान चलाया गया है। इससे जिनके टीका नहीं थे, उनको पे्ररणा मिलेगी।
- सोमनाथ झारिया, आयुक्त नगर निगम