Navratri 2022: नवरात्रि में प्रत्येक दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा का विधान है। शास्त्रों के अनुसार हर देवी का एक अलग रूप होता है। ऐसे में अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए नौ दिनों में देवियों को इन 9 चीजों का भोग लगाना शुभ माना गया है...
Navratri 2022 Bhog: आज 26 सितंबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो चुके हैं जो 4 अक्टूबर 2022 तक चलेंगे। नवरात्रि के नौ दिनों में पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्तिभाव से भर जाता है। वहीं मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के अलग-अलग रूप, पूजा विधि, आरती और मंत्र बताए गए हैं। भक्तजन नौ दिनों तक विधिवत मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ करते हैं। वहीं नवरात्रि पूजा में भोग का भी खास महत्व होता है। तो आइए जानते हैं 9 देवियों को प्रसन्न करने के लिए नवरात्रि के 9 अलग-अलग दिन किन चीजों का भोग लगाना चाहिए...
मां शैलपुत्री
नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के पहले स्वरूप शैलपुत्री माता की जाती है। शास्त्रों के अनुसार मां शैलपुत्री को सफेद रंग अतिप्रिय है। ऐसे में आरोग्य का आशीर्वाद पाने के लिए नवरात्रि के प्रथम दिन पर मां को गाय के घी का भोग लगाना शुभ माना गया है।
मां ब्रह्मचारिणी
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा का विधान है। इस दिन लंबी आयु का आशीर्वाद पाने के लिए देवी मां को शहद और पंचामृत का भोग लगाएं।
मां चंद्रघंटा
नवरात्रि के तीसरे दिन माता चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन मां
चंद्रघंटा को दूध से बनी खीर अथवा मिठाई का भोग लगाने से जीवन में धन-वैभव तथा ऐश्वर्य का आशीर्वाद मिलता है।
मां कूष्मांडा
नवरात्रि का चौथा दिन मां कूष्मांडा को समर्पित है। इस दिन माता रानी को मालपुए का भोग लगाने से बुद्धि और मनोबल में वृद्धि होती है।
मां स्कंदमाता
पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा की जाती है। इस दिन माता को केले का भोग लगाना चाहिए।
मां कात्यायनी
नवरात्रि के छठे दिन देवी कात्यायनी की पूजा की जाती है। इस दिन भोग के रूप में मां को लौकी का हलवा और शहद अर्पित करें।
मां कालरात्रि
माता कालरात्रि की पूजा नवरात्रि के सातवें दिन की जाती है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन कालरात्रि मां को गुड़ या इससे बनी चीजों का भोग लगाना चाहिए।
मां महागौरी
नवरात्रि का आठवां दिन महागौरी मां की पूजा को समर्पित है। नवरात्रि के आठवें दिन भोग के रूप में देवी मां को नारियल चढ़ाने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
मां सिद्धिदात्री
नवरात्रि के नौवें दिन माता सिद्धिदात्री को पूजा जाता है। ऐसे में मां को परसन्न करने के लिए भोग में हलवा-पूड़ी, चने और खीर का भोग लगाएं। साथ ही छोटी कन्याओं को भी भोजन कराएं।
यह भी पढ़ें - राशिफल 27 सितंबर 2022: मेष, सिंह समेत मंगलवार को इन राशि वालों पर रहेगी मां ब्रह्मचारिणी की कृपा, जानें कैसा बीतेगा आपका दिन