3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP Election 2023 : 8 सीटों के लिए 6 प्रत्याशियों ने जमा किया नामांकन, नाराज भाजपाइयों की बड़ी बैठक जल्द

रीवा से राजेन्द्र शुक्ल ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।कांग्रेस की ओर से सेमरिया से अभय मिश्रा तथा सेमरिया से ही भाजपा के केपी त्रिपाठी ने नामांकन जमा किया...

3 min read
Google source verification

रीवा

image

Sanjana Kumar

Oct 25, 2023

mp_election_rewa_candidates_from_bjp_congress.jpg

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रेयस गोखले ने बताया कि चुनाव की अधिसूचना 21 अक्टूबर को जारी की गई। 22 अक्टूबर को रविवार के अवकाश के बाद 23 अक्टूबर को नामांकन के दूसरे दिन रीवा जिले मेें पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। विधानसभा क्षेत्र रीवा से राजेन्द्र शुक्ल ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ सांसद जनार्दन मिश्रा, निगम स्पीकर व्यंकटेश पांडेय, पूर्व महापौर शिवेन्द्र पटेल, वीरेन्द्र गुप्ता आदि मौजूद रहे। विधानसभा क्षेत्र सिरमौर से दिव्यराज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। साथ में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, महाबली गौतम सहित अन्य रहे। सिरमौर से ही विष्णुदेव पाण्डेय ने बहुजन समाज पार्टी से नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से सेमरिया से अभय मिश्रा तथा सेमरिया से ही भाजपा के केपी त्रिपाठी ने नामांकन जमा किया। नामांकन पत्र 24 अक्टूबर को दशहरा का अवकाश होने के कारण दाखिल नहीं होंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम समय सीमा 30 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक है।

मऊगंज में सुखेंद्र सिंह का पहला नामांकन

नए जिले मऊगंज में विधानसभा चुनाव के लिए पहला नामांकन फार्म कांग्रेस प्रत्याशी सुखेन्द्र सिंह बन्ना ने जमा किया। इसके पहले कार्यकर्ताओं को उन्होंने संबोधित किया और रैली निकालकर कलेक्ट्रेट तक पहुंचे और नामांकन जमा किया। मऊगंज और देवतालाब विधानसभा के प्रत्याशियों का नामंकन मऊगंज कलेक्ट्रेट में जमा किया जा रहा है।

प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया

नामांकन जमा करने से पहले प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन का भी प्रयास किया। राजेन्द्र शुक्ला अपने निवास अमहिया से रैली के साथ निकले, कई जगह लोगों ने स्वागत किया। वहीं दिव्यराज सिंह सिरमौर के लोगों के साथ होटल राजविलास से कलेक्ट्रेट के लिए निकले। भाजपा के सेमरिया प्रत्याशी केपी त्रिपाठी भाजपा कार्यालय से कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। वहीं अभय मिश्रा ने रेलवे स्टेशन के पास अपने घर से रैली निकाली और नामांकन जमा किया। उनके साथ कांग्रेस की ओर से महापौर अजय मिश्रा भी शामिल रहे।

कई प्रत्याशियों ने नामांकनफार्म खरीदे

नामांकन जमा करने के लिए कई प्रत्याशियों ने निर्धारित शुल्क जमा कर फार्म लिया। जिसमें मनगवां से भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र प्रजापति, बसपा से रामायण साकेत, विधायक पंचूलाल प्रजापति, पूर्व विधायक पन्नाबाई के साथ ही रीवा सीट से मधुमास सोनी और अन्य कई सीटों से दूसरे दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म लिया है।

त्योंथर में भाजपा के असंतुष्टों की 26 को बड़ी बैठक

भाजपा और कांग्रेस में टिकट घोषित होते ही दलबदल और बगावत तेज हो गई है। सबकी नजरें त्योंथर सीट पर बनी हुई हैं। यहां पर भाजपा ने विधायक का टिकट काटकर कांग्रेस से आए सिद्धार्थ तिवारी को दिया है। इसके चलते टिकट के सबसे प्रबल दावेदार कहे जा रहे पूर्व मंत्री रमाकांत तिवारी के बेटे कौशलेश तिवारी उर्फ तिवारीलाल बगावत के केन्द्र बिन्दु में आ गए हैं। विधायक सहित संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष को बगावती पत्र भेजा था। विधायक को तो पार्टी ने शांत करा दिया है लेकिन तिवारीलाल लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। सोमवार को एक बार फिर कुछ प्रमुख समर्थकों के साथ उन्होंने बैठक की। इसमें अधिकांश ने यह कहा कि वह चुनाव लड़ें, वहीं कुछ ने सलाह दिया कि पार्टी नहीं छोड़ें। अब 26 को बड़ी बैठक बुलाई गई है। इसमें हर सेक्टर के कार्यकर्ताओं को पहुंचने को कहा गया है। इसी बैठक में अंतिम रूपरेखा बनेगी।

मऊगंज से भी उठ रहा विरोध

मऊगंज में भाजपा की टिकट का विरोध पार्टी के प्रदेश कार्यालय तक हुआ था लेकिन अब तय किया जा रहा है कि असंतुष्टों से किसी को चुनाव में उतारा जाएगा। इसी तरह गुढ़ में भी भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सामने टिकट को लेकर असंतोष जाहिर किया है। कहा जा रहा है कि कुछ नेता वहां से भी बगावत करेंगे।

ये भी पढ़ें : mp election 2023 : खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा का दशहरा मिलन समारोह, क्या करेंगे पार्टी से बगावत या फिर प्रत्याशी के पक्ष में खुलासा आज

Story Loader