- बोले अच्छे नेतृत्वकर्ता हैं हमारे नए अध्यक्ष, पार्टी को मिलेगी मजबूती
रीवा। भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह को बधाई देने उनके नेहरू नगर स्थित आवास पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला पहुंचे। जहां पर काफी देर तक उन्होंने चर्चा की। नए अध्यक्ष को मिठाई खिलाते हुए शुक्ला ने कहा कि करीब 20 वर्षों से अजय को जान रहा हूं, छात्र राजनीति से लेकर पार्टी के प्रमुख पदों पर भी रहे हैं। कुशल संगठक एवं अनुशासनप्रिय रहने के चलते भाजपा को नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने कहा कि शुभकामनाएं साथ हैं, संगठन को सब मिलकर मजबूत करेंगे।
इस दौरान अध्यक्ष अजय ने कहा कि पूर्व मंत्री वरिष्ठ नेता हैं उनका मार्गदर्शन काम करने के लिए नई ऊर्जा देगा। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता राम सिंह, भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र शर्मा, किसान मोर्चा के जिला मंत्री संतोष तिवारी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
- नए अध्यक्ष के चयन से बदल रहे समीकरण
रीवा जिले में बीते करीब पंद्रह वर्षों से सत्ता और संगठन में राजेन्द्र शुक्ला की मर्जी के अनुसार होता रहा है। संगठन में जो भी प्रमुख पद मिलते थे उनकी सहमति आवश्यक होती थी। पहली बार ऐसा हुआ है जब सूची जारी होने के बाद नेताओं को जानकारी मिली है। कहा जा रहा है कि संगठन ने इस बार राजेन्द्र शुक्ला की भी सहमति नहीं मांगी, संगठन मंत्रियों की सहमति के आधार पर जिला अध्यक्षों की घोषणा हुई है।
पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला का जिला अध्यक्ष के घर जाकर बधाई देना चर्चा का विषय बना हुआ है। क्योंकि अब तक जो भी प्रमुख पदाधिकारी रहे हैं शुक्ला के घर पहुंचकर बधाई स्वीकार करते रहे हैं लेकिन इस बार शुक्ला को स्वयं अध्यक्ष के घर जाना पड़ा है। सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा जोरों पर है कि अब एक घर से संगठन नहीं चलेगा। हालांकि नव नियुक्त जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा है कि राजेन्द्र शुक्ला सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन लेकर काम करेंगे।