
विंध्य में केजरीवाल की हुंकार, बोले- कांग्रेस-भाजपा को उखाड़ दो... ये देश बेच देंगे, एमपी को दी 10 गारंटी
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। इसी के चलते सोमवार को मध्य प्रदेश के विंध्य को साधने के लिए रीवा में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने न सिर्फ भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा, बल्कि प्रदेश की जनता के लिए सरकार बनने पर 10 गारंटियां देने की भी घोषणा की।
अपने भाषण के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, आम आदमी पार्टी के आने से पहले दिल्ली में दो पार्टियां हुआ करती थीं। दोनों में अच्छी खासी सेटिंग थी। सेटिंग इस बात की थी कि, एक बार तुम राज करो, एक बार हम राज करें। एक बार तुम लूटो, एक बार हम लूटें।' उन्होंने आगे कहा कि, 'इसी तरह मध्य प्रदेश में भी दो पार्टियां हैं- कांग्रेस और बीजेपी। एक बार इन्हें उखाड़कर फेंक दो। मैं वादा करता हूं दोनों पार्टियों को भूल जाओगे।'
भाजपा-कांग्रेस पर हमला
दिल्ली और पंजाब के स्कूल और अस्पतालों का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, 'किसी पार्टी में ऐसे स्कूल-अस्पताल बनाने की हिम्मत नहीं। इनकी नीयत खराब है। ये कभी आपके परिवार-बच्चों के लिए काम नहीं करेंगे। दारू और पैसे से आपके वोट खरीदेंगे।' बता दें कि, केजरीवाल ने ये बातें रीवा के एसएएफ ग्राउंड में आयोजित पार्टी की महारैली के दौरान कहीं। इस दौरान केजरीवाल ने मंच से मध्य प्रदेश वासियों को 10 गारंटियां भी दीं।
एमपी की जनता को 10 गारंटी
1- बिजली: 1 साल में 24 घंटे बिजली देने का इंतजाम करेंगे। गांव में भी 24 घंटे फ्री बिजली देंगे। 31 अक्टूबर तक के सारे बिजली बिल शून्य कर देंगे।
2- शिक्षा: 5 साल में सारे सरकारी स्कूल शानदार बना दिए जाएंगे। संविदा शिक्षकों को पक्का करेंगे। प्राइवेट स्कूलों को गलत तरीके से फीस नहीं बढ़ाने देंगे।
3- स्वास्थ्य: कोने-कोने में 'मोहल्ला क्लिनिक' खोलेंगे। इनमें डॉक्टर, इलाज, टेस्ट मुफ्त रहेंगे। इलाज में होने वाले सभी खर्च सरकार वहन करेगी।
4- भ्रष्टाचार: भ्रष्टाचारियों को पकड़कर जेल में डालेंगे। दलालों के चक्कर काटने-रिश्वत देने की जरूरत नहीं होगी।
5- रोजगार: बिना सिफारिश, रिश्वत के सरकारी नौकरी लगेगी। जबतक रोजगार का इंतजाम नही होगा, तबतक हर बेरोजगार को 3 हजार रुपए महीना भत्ता देंगे।
6- तीर्थ यात्रा: बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराएंगे। AC ट्रेन से भेजेंगे, AC होटल में रुकवाएंगे। आना-जाना, खाना-पीना सभी फ्री रहेगा। बुजुर्ग जहां कहेंगे, वहां भेजेंगे।
7- शहीद सम्मान निधि: सैनिक या पुलिस कर्मचारी शहीद होता है तो उसके परिवार को 1 करोड़ रुपए सम्मान राशि देंगे।
8- संविदा कर्मचारी: सारे कच्चे कर्मचारियों को पक्का करेंगे। ठेका प्रथा बंद करेंगे।
9- पेसा कानून: आदिवासियों के लिए पेसा कानून लागू करेंगे। ग्राम सभाओं को सारे अधिकार देंगे।
10- किसान: किसानों को फसल बर्बाद होने पर ज्यादा से ज्यादा मुआवजा देंगे। फसल के पूरे दाम दिलवाएंगे।
आपको बता दें कि, रीवा के एसएएफ ग्राउंड में आयोजित पार्टी की महारैली कार्यक्रम के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी की मध्य प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल समेत पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
Published on:
18 Sept 2023 09:14 pm

बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
