सिटी कोतवाली थाने के पुष्पराज नगर में हुई घटना, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी
रीवा। महिला का भेष धारण करके शातिर बदमाश घर में भिक्षा मांगने पहुंचे और महिला पर चाकू अड़ाकर उनकी सोने की अंगूठी छीन ली। इस नए तरह की घटना ने पुलिस के भी होश उड़ा दिये। पीडि़ता द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में किन्नरों का घटना में हांथ होने की आशंका जताई जा रही है।
घर में अकेले थी महिला
प्रियवंदा त्रिपाठी (शुक्ला) पति देवेन्द्र शुक्ला निवासी पुष्पराज नगर थाना सिटी कोतवाली उक्त घटना का शिकार हुई है। दोपहर करीब पौने दो बजे महिला घर में अकेले थी। उसी दौरान महिला का भेष धारण करके चार की संख्या मेें बदमाश पहुंच गए। महिला ने जैसे ही घर का दरवाजा खुला तो बदमाशों ने भिक्षा देने का निवेदन किया। महिला अंदर से एक कटोरी में चावल लेकर बाहर आई। उसी दौरान बदमाश अपने असली रूप में आ गए। जेब से चाकू निकालकर बदमाशों ने महिला अड़ा दिया। महिला ने अपने हांथ की ऊंगली में सोने की पुखराज लगी अंगूठी पहनी थी जिसे बदमाशों ने उतार लिया। चाकू देखकर भयभीत महिला शोर भी नहीं मचा पाई और बदमाश आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
बदमाशों की चल रही तलाश
पीडि़ता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्काल बदमाशों को पकडऩे के लिए सभी थानों को सूचना भिजवाकर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई। खुद पुलिस भी आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश कर रही थी लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि घटना में बाहर से आए किसी गिरोह का हांथ है जो वारदात के बाद निकल गया। पुलिस ने फिलहाल लूट का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।
महिला से चेन स्नेचिंग के आरोपियों का नहीं लगा सुराग
एक दिन पूर्व महिला से चेन स्नेचिंग की घटना को अंंजाम देने वाले बदमाशों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने सोमवार को आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। विवि थाने के गायत्री नगर में रीनू पाण्डेय पति रवीन्द्र पाण्डेय निवासी एजी हास्टल से बदमाशों ने उस समय चेन खींच ली थी जब वे पैदल अपने घर जा रही थी। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है।
आरोपियों की जुटाई जा रही जानकारी
एक महिला से लूट की घटना हुई है। महिला के भेष में बदमाश आए थे और चाकू अड़ाकर अंगूठी छीन ले गए। शिकायत मिलने पर मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेककर बदमाशों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
विजय सिंह, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली