
rewa
रीवा. छात्रों ने पहले धरने पर बैठकर परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि में बढ़ोत्तरी करने की मांग की। दो घंटे से अधिक समय तक विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर बैठने के बाद भी जब अधिकारियों के कान पर जूं नहीं रेंगी तो भडक़े छात्र तोडफ़ोड़ पर उतारू हो गए। छात्रों के उग्र तेवर देख विश्वविद्यालय ने डेट बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
एपीएस विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित छात्र एबीवीपी कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में बुधवार सुबह १० बजे प्रशासनिक गेट में तालाबंदी कर धरने पर बैठ गए। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र दोपहर १२ बजे तक गेट पर बैठे रहे। लेकिन विश्वविद्यालय का कोई अधिकारी बात करने तक के लिए नहीं पहुंचा।
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए साथ में मौजूद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बिफर पड़े। इस पर भी छात्र उग्र होकर तोडफ़ोड़ उतारू हो गए। सूचना फौरन विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. एके श्रीवास्तव को दी गई। उन्होंने तत्काल छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एसएल अग्रवाल को छात्रों से बात करने भेजा। कुलपति के निर्देश पर अधिष्ठाता ने डेट बढ़ाने का आश्वासन दिया, तब जाकर छात्र शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री महेश प्रसाद, विवेक पाण्डेय, मृत्युंजय, सौरभ मिश्रा, छात्रसंघ अध्यक्ष दीपाली शुक्ला, सचिव रोहित सिंह, सहसचिव पूर्णिमा पाण्डेय, प्रांजल पाण्डेय सहित अन्य छात्र शामिल रहे।
तेवर देख डीएसडब्ल्यू ने साधी चुप्पी
कुलपति के निर्देश पर प्रो. एसएल अग्रवाल जब गेट पर पहुंचे तो छात्रों का रूख काफी उग्र रहा। उनके तेवर देख प्रो. अग्रवाल ने चुप रहना ही बेहतर समझा। एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री महेश कुमार व नगर मंत्री विवेक पाण्डेय ने अधिकारियों पर छात्रों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
लिखित में आश्वासन
अधिकारियों ने लिखित रूप में आश्वस्त किया है कि छात्रों को २० नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका दिया जाएगा। बिना बिलंब शुल्क के साथ छात्र २० नवंबर तक परीक्षा फार्म ऑनलाइन भर सकेंगे। सेमेस्टर परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने के मद्देनजर अब सेमेस्टर परीक्षा २८ नवंबर से शुरू होनी मानी जा रही है। गौरतलब है कि विवि द्वारा सेमेस्टर परीक्षा के लिए २० नवंबर की तिथि पर आधारित समय-सारणी जारी की है।
Published on:
17 Nov 2017 05:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
