
View of the city of industry minister, how much is bihal
रीवा. शहर की सड़कों का हाल इतना बदतर होगा जाएगा भाजपा सरकार में किसी ने भी नहीं सोचा होगा। सड़क बनाने की मंजूरी के बाद भी आज तक इस मोहल्ले की सड़क क्यों नहीं बनी इसका किसी के पास कोई जबाव नहीं है। आज हम बात कर रहे हैं वार्ड क्रमांक एक कोरियान बस्ती की सड़क एवं नाली की। भयानक समस्या से जूझ रहे हैं इस बस्ती के लोग। इस मोहल्ले की बिडम्बना यह है कि नाली की बात छोडिय़े सड़क भी नहीं है। बस्ती में कीचड़ व दूषित पानी भरा हुआ है। लोग कीचड़ से होकर अपने घरों को जा पाते हैं।
स्थानीय जनों ने बताया चुनाव आते सभी नेता आएंगे और सड़क एवं नाली बनाने का आश्वासन देकर भूल जाते हैं। राजेन्द्र कोरी ने बताया कि चुनाव के समय मंत्री राजेन्द्र शुक्ला एवं महापौर मोहल्ले आए थे और आश्वासन भी दिया था इस सड़क को जल्द ही बनवा देंगे। लेकिन पांच साल बीतने को है आज तक इस सड़क में काम नहीं शुरू हुआ। जिसकी बजह से यहां के सैकड़ों परिवार गंदगी की भीषण समस्या से परेशान हैं।
वायदा करके नहीं पहुंची महापौर
स्थानीय लोगों ने 14 जुलाई 2017 को सड़क एवं नाली की समस्या को लेकर नगर निगम में पहुंच कर महापौर एवं कमिश्नर से मुलाकात कर परेशानी बताई थी। इस पर महापौर ने अगले दिन कोरियान बस्ती की सड़क का निरीक्षण करने की बात कही लेकर आज तक उन्हें इस बस्ती में जाने का समय नहीं मिला। इससे लोगों में खासी नाराजगी है।
वार्ड पार्षद पर लगाया आरोप
मोहल्ले राजेन्द्र प्रसाद कोरी, आशा कोरी, राजकुमारी कोरी, शांति देवी, सीता दुबे, श्यामू, जीतेन्द्र, केशकली, तेरसिया छोटेलाल , मानवती कोरी, अनुराग कुमार सहित अन्य लोगों ने पार्षद मोहन कोल पर उपेक्षा बरतने का आरोप लगाया। यहां के लोग पार्षद से कई बार सड़क व नाली की समस्या बताई परंतु उनके द्वारा कोई पहल नहीं की गई।
कीचड़ में डूबी बस्ती
इस बस्ती का हर कोना कीचड़ एवं गंदे पानी से भरा हुआ है। लोग मोहल्ला छोडऩे पर बिवश हैं। समस्या इतनी भयानक है कि देखने के बाद रोंगटे खटे हो जाते हैं। बस्ती के लोगों ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन १८१ नम्बर पर भी शिकायत की लेकिन वहां से भी निराकरण नहीं हुआ। सड़क का टेंडर हो चुका है फिर भी निर्माण में देरी की जा रही है। जिम्मेदारों की घोर लापरवाही का नतीजा है इस बस्ती गरीब लोग भुगत रहे हैं।
बस्ती के बच्चे पढ़ाई से हो रहे वंचित
सरकार ने स्कूल चलो अभियान का नारा दिया है लेकिन इस मोहल्ले की बिडम्बना है कि रास्ता नहीं होने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। सड़क में पानी भरे होने से सैकड़ों बच्चे पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं। ऐसे अभिभावकों की समस्या बढ़ रही हैं।
नहीं रुकता कचरा वाहन
इस बस्ती के अंदर रास्ता नहीं होने से कचरा वाहन अंदर नहीं आ पाता है। लोग सड़क तक किसी तरह कचरे को लेकर आते हैं। लेकिन कचरा वाहन चालक इस बस्ती में लोगों का इंतजार किए बिना ही चला जाता है। ऐसे में सड़क पर कचरा फेंकने को विवश हैं। जिससे मोहल्ले में गंदगी फैल रही है। लोगों इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन से मांग की है।
Published on:
21 Aug 2018 01:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
