- पति से अलग होने के बाद खुरई में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे दोनों- महिला के भाई ने नाबालिग प्रेमी पर लगाए प्रताडि़त करने के आरोप
सागर. परिवार छोड़कर खुरई के शास्त्री वार्ड में रह रहे प्रेमी युगल ने गुरुवार रात आत्महत्या कर ली। 17 वर्षीय किशोर का शव किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला, वहीं पति को छोड़कर उसके साथ रह रही प्रेमिका का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। जहर खाने से उसकी मौत हो चुकी थी। मकान मालिक की सूचना पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने दोनों शव बरामद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। महिला और प्रेमी ने एक साथ आत्महत्या की या आपस में किसी विवाद के बाद जहर खिलाकर मारने के बाद प्रेमी फंदे पर झूला पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
खुरई सिटी थाना पुलिस को शुक्रवार सुबह शास्त्री वार्ड में किराए से रहने वाली राधा अहिरवार (28) और उसके नाबालिग प्रेमी (17) की आत्महत्या की खबर मकान मालिक द्वारा दी गई थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तब तक मृतका के परिजन भी वहां आ चुके थे। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर घटनास्थल का मुआयना किया। राधा का शव फर्श पर पड़ा हुआ था जबकि पास में ही उसके नाबालिग प्रेमी का शव फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर सिविल अस्पताल पहुंचाए जहां उन्हें मर्चुरी भेजकर पड़ताल शुरू की।
पति से अलग होकर किशोर प्रेमी के साथ लिव-इन में थी महिला :
पुलिस के अनुसार मूलत: बांदरी के दुगाहा खुर्द की रहने वाली राधा अहिरवार का विवाह सागर में हुआ था लेकिन वह विवाद के बाद तीन साल से पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। इसी दौरान वह किशोर के संपर्क में आई और फिर दोनों खुरई के शास्त्री वार्ड में शब्बीर खान के मकान में कमरा किराए से लेकर साथ रहने लगे थे। दोनों के एक महीने से लिव-इन में रहने की बात भी पुलिस की जानकारी में आई है।
किशोर ने कॉल कर भाई से कहा था राधा ने जहर आ लिया :
मृतका के भाई अरविंद अहिरवार ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात को किशोर ने उसे मोबाइल फोन पर कॉल करके राधा के जहर खाने की खबर दी थी। उसने बताया था कि वह इंदौर से सागर आ रहा है। मकान मालिक से बात करने पर उन्होंने किशोर के घर में ही होने के बारे में बताया और जब कमरे में देखने पहुंचे तो राधा फर्श पर पड़ी दिखी जबकि किशोर फंदे पर लटक रहा था। कमरे में दरवाजे भी अंदर से बंद थे। तब उन्होंने इसके बारे में उसे खबर दी और वे खुरई आ गए।
20 दिन पहले लापता हो गई थी राधा, फिर खुरई में रहने लगी:
परिजनों के अनुसार पति से अलग होने के बाद राधा उनके साथ रह रही थी। 25 मई को राधा अचानक लापता हो गई थी। पुलिस ने उनके मिलने पर समझाइश देकर छोड़ा था। तभी से राधा और किशोर खुरई में किराए के कमरे में रहने लगे थे। राधा ने 31 मई को पुलिस को किशोर द्वारा प्रताडि़त करने की शिकायत भी की थी। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि किशोर उनके यहां कमरा किराए पर लेने के बाद राधा को पत्नी बताकर रह रहा था। राधा की मां भी यहां आकर कुछ दिन रुकी थी। गुरुवार की शाम को राधा और किशोर आखिरी बार दिखे थे।
फॉरेंसिक टीम को देरी होने से अटका रहा पोस्टमॉर्टम :
शुक्रवार सुबह प्रेमी युगल की आत्महत्या की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के निरीक्षण के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया लेकिन उनके पहुंचने में देरी होने के कारण शुक्रवार शाम को दोनों शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा सका। जिन्हें परिजनों को सौंपकर पुलिस आत्महत्या की वजह की पड़ताल में लग गई है।