
सरकार बदलने का असर, ग्राम पंचायत में होगी जिला पंचायत की बैठक
सागर. प्रदेश में सरकार बदलते ही नवाचार की शुरूआत हो गई है। इसकी शुरूआत हुई है पंचायत विभाग से। जिसमें अब तक जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित होने वाली साधारण सभा की बैठक पहली बार किसी ग्राम पंचायत में आयोजित की जा रही है। इसके लिए जिपं अध्यक्ष दिव्या सिंह ने 8 जनवरी की तारीख तय की है। बताया जा रहा है कि इसके लिए अध्यक्ष सिंह ने मुख्यालय से करीब 83 किलो मीटर दूर शाहगढ़ ब्लॉक की अदावन ग्राम पंचायत का चयन किया है। इसके पीछे कोई खास वजह तो अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन इसे नवाचार बताया जा रहा है।
हालांकि यह बात सामने आई है कि ग्राम पंचायत में जिला पंचायत की बैठक करने के पीछे यह कारण है कि वहां के लोग जिपं की साधारण सभा की बैठक की प्रक्रिया को देख और समझ सकेंगे, तो जिला स्तर के अधिकारी और जिपं अध्यक्ष व सदस्य पंचायत स्तर तक की समीक्षा कर सकेंगे।
जिपं सीइओ सीएस शुक्ला ने बताया कि जिपं अध्यक्ष दिव्या सिंह के निर्देशानुसार 8 जनवरी को होने वाली बैठक का आयोजन शाहगढ़ की अदावन ग्राम पंचायत में किया जाएगा। यह पहली बार है कि जब साधारण सभा की बैठक जिला पंचायत कार्यालय को छोड़ किसी ग्राम पंचायत में आयोजित की जा रही हो। सीइओ शुक्ला ने बताया कि बैठक में 3 अगस्त को आयोजित हुई बैठक के कार्रवाई का विवरण के पालन प्रतिवेदन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तहत कार्य, लोक निर्माण विभाग के तहत कार्य, खाद्य विभाग व कृषि विभाग के तहत संचालित योजनाओं व अन्य विषयों पर समीक्षा की जाएगी।
Published on:
02 Jan 2019 12:39 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
