
बुखारा स्कूल के पास शासकीय भूमि पर हो रही खेती। फोटो-पत्रिका
बीना. स्कूलों के आसपास खाली पड़ी सरकारी जमीन पर खेल मैदान बनाने की जगह ग्रामीण क्षेत्रों में खेती हो रही है या फिर खेल परिसर में ही खलिहान बना लिया है। शिकायतों के बाद भी राजस्व विभाग के अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं। खेल मैदान न होने से बच्चे खेलों का अभ्यास नहीं कर पाते हैं।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक, माध्यमिक, हाइ और हायर सेकंडरी स्कूल की जमीनों पर अतिक्रमण कर खेती हो रही है या फिर अन्य भवन बनाने के लिए उपयोग की जा रही हैं। बुखारा हाइ स्कूल जिस जगह बना है वहां साढ़े तीन एकड़ शासकीय भूमि हैं, लेकिन स्कूल के कब्जे मे करीब आधा एकड़ भूमि है, जिसमें भवन बना है और खेल मैदान नहीं है। शेष हिस्से में ग्रामीण खेती कर रहे हैं। इसकी शिकायत कलेक्टर तक की गई है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है और कुछ दिन पहले ही रबी फसल की कटाई हुई है। इसी तरह बरमाइन हाइ स्कूल के खेल परिसर को ग्रामीणों ने खलिहान बना लिया है। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली, पंजा सहित अन्य कृषि यंत्र रखे जाते हैं और मवेशियों को भी बांधा जाता है, जिससे खेल मैदान नहीं बचा है। पिछले कई वर्षों से इसकी शिकायत की जा रही हैं, लेकिन फिर भी अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ब्लॉक में ऐसे एक दर्जन से ज्यादा स्कूल हैं, जहां खलिहान बने हैं या फिर अतिक्रमण किया गया है।
कलरावनी प्राथमिक स्कूल परिसर में बना दी टंकी
प्राथमिक स्कूल कलरावनी में खेल परिसर नहीं है और जितनी जगह खाली है, उसमें भी पानी की टंकी का निर्माण किया जा रहा है। टंकी निर्माण के समय एसडीएम के यहां शिकायत की गई थी, लेकिन टंकी का निर्माण नहीं रुका है। टंकी बनने से स्कूल की परिसर और छोटा हो गया है।
जल्द होगी कार्रवाई
बुखारा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में सीमांकन कर नोटिस जारी हो चुके हैं और जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। यदि अन्य जगहों पर भी अतिक्रमण है, तो शिकायत मिलने पर कार्रवाई करेंगे।
अंबर पंथी, तहसीलदार, बीना
Published on:
04 Apr 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
