2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कई दिनों से केन्द्र पर बैठे किसान, बारदाना खत्म होने से रुकी तौल, किया चक्काजाम

तहसीलदार के आश्वासन के बाद माने किसान, किसानों का आरोप सप्ताह में सिर्फ दो दिन के लिए आता है बारदाना, बार-बार बारदाना खत्म होने से रूक रही तौल

2 min read
Google source verification
Farmers have been sitting at the center for several days, weighing stopped due to the shortage of gunny bags, and they blocked the road.

सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन करते हुए किसान। फोटो-पत्रिका

बीना. समर्थन मूल्य केन्द्रों पर बारदाना की कमी किसानों के लिए मुसीबत बन गई है। कई दिनों के इंतजार के बाद भी चना, मसूर की तौल नहीं हो पा रही है। शुक्रवार की दोपहर आक्रोशित किसानों ने बिहरना वेयरहाउस के सामने भानगढ़ रोड पर चक्काजाम कर जमकर नारेबाजी की।
बिहरना वेयरहाउस में चार समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र खोले गए हैं और चना, मसूर की खरीदी की जा रही है। स्लॉट बुक करने के बाद किसान चार-चार दिन से तौल कराने के इंतजार में बैठे हैं और गुरुवार की शाम को बारदाना खत्म होने से तौल रुक गई थी। शुक्रवार को भी जब तौल नहीं हुई, तो किसानों ने भानगढ़ रोड पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान करीब डेढ़ घंटे तक भीषण गर्मी में सडक़ पर प्रदर्शन करते रहे। सूचना मिलने पर तहसीलदार अंबर पंथी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि जल्द बारदाना आ जाएगा। साथ ही सभी किसानों की उपज की तौल होगी। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।

बार-बार हो रहा बारदाना खत्म
मसूर की तौल कराने गए सत्यपाल ठाकुर ने बताया कि सरकार पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं करा पा रही है और बार-बार बारदाना खत्म होने से किसान परेशान हो रहे हैं। किसान भीषण गर्मी में केन्द्रों पर बैठे हैं। किसान कृष्ण मुरारी, प्रेमसिंह ठाकुर, नरेन्द्र सिंह, अरूण ठाकुर आदि ने जल्द से जल्द बारदाना उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि सरकार इस वर्ष खरीदी के नाम पर किसानों से मजाक कर रही है। यदि खरीदी करनी होती, तो एक बार में ही पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करा दिया जाता। हर बार सिर्फ दो दिन का बारदाना उपलब्ध कराया जाता है। जबकि किसानों की संख्या बहुत ज्यादा है।

परिवहन व्यवस्था भी ठप
समर्थन मूल्य केन्द्रों पर परिवहन व्यवस्था भी ठप है, जिससे कई जगह उपज रखने के लिए भी जगह नहीं बची है। पिपरासर केन्द्र, बीना इटावा समिति सहित अन्य केन्द्रों पर हजारों क्विंटल उपज बाहर रखी हुई है।

जल्द आ जाएगा बारदाना
बारदाना के ट्रक रास्ते में हैं और जल्द ही केन्द्रों पर पहुंच जाएगा। सभी किसानों की उपज खरीदी जाएगी।
राजेश त्रिपाठी, उप संचालक, कृषि