भगवान की शादी के कार्यक्रम शुरू
बीना. खिरिया वार्ड स्थित श्रीरामनाम सिद्ध पीठ मंदिर पर वैवाहिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां पर रविवार को श्रीरामराजा सरकार की लगुन लिखी गई। लगुन के साथ ही वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। अगहन शुक्ल पंचमी को भगवान श्रीराम और सीता का विवाह परंपरागत तरीके से किया जाएगा। इस दिन भगवान की चक्रवर्ती महाबारात भी निकलेगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद भगवान के विवाह की अन्य रस्में होंगी। भांवर, विदा सहित अनेक कार्यक्रम होंगे। रविवार को मंदिर पर भगवान की लगुन लिखी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर पं. हरदेव प्रसाद टोंटे (श्री राम नाम महाराज) सभी रस्मों को पूरा कराया। भगवान की लगुन नवीन मंदिर लेकर आए, जिनके साथ भक्त नाचते गाते हुए आ रहे थे। भगवान के विवाह के पहले श्रीगणेश पूजन, महिला संगीत, भजनों का कार्यक्रम भी किया जाएगा। श्रीराम महाबारात के पहले 25 नवंबर को श्री चित्र-विचित्र महाराज की भजन संध्या भी होगी।