
फोटो सोर्स- पत्रिका
MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खेजरा इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात को लेकर शुरू हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कुछ लोगों को अभिरक्षा में भी लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है।
घटना नीलेश दुबे के मैरिज गार्डन, बाग खेजरा रोड पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है। यहां अनिल पांडे और उसके भानजे प्रथम दुबे के साथ बबलू उर्फ रामावतार पांडे के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर गाली-गलौज और तीखी बहस हो गई। इस विवाद की सूचना मिलते ही बबलू पांडे के छोटे भाई प्रदीप पांडे, भतीजा रचित पांडे और बबलू पांडे बम्होरी तिराहा स्थित घर से पैदल ही घर की ओर निकल पड़े।
रात करीब 12 बजे जब वे बम्होरी तिराहे पर बन रहे ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तो सामने से मोटरसाइकिलों पर सवार अनिल पांडे, उसका भाई अभय पांडे, भानजा प्रथम दुबे, अनिल का बड़ा बेटा शिवा पांडे और छोटा बेटा (नाम अज्ञात) आ गए। पुरानी रंजिश के चलते इन लोगों ने प्रदीप पांडे और रचित पांडे पर डंडे-पत्थरों से हमला बोल दिया। मारपीट इतनी जोरदार थी कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।
बबलू के पहुंचते ही आरोपी उसे देखकर पीछे भागने लगे। वह जान बचाकर फोरलेन की ओर भागा और ट्रकों की लाइट में आरोपियों को साफ पहचान लिया। मौके पर पुलिस और स्थानीय लोगों के पहुंचने पर घायलों को बीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप पांडे को मृत घोषित कर दिया। रचित पांडे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। घटना के बाद बबलू पांडे ने सिविल लाइन थाने में पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने थाने पहुंचकर अनिल पांडे, अभय पांडे, प्रथम दुबे, शिवा पांडे और अनिल के छोटे बेटे के खिलाफ हत्या और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि घटना आने-जाने वाले कई लोगों ने देखी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ आरोपियों के लिए अभीरक्षा में लिया है, पूछताछ जारी है।
Updated on:
15 Mar 2026 02:29 pm
Published on:
15 Mar 2026 02:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
